सर्व शैक्षिक संघ ने जीवन दीप समिति से वापस मांगी एंबुलेंस, देखरेख नहीं होने का लगाया आरोप

धमतरी, 13 मार्च (हि.स.)।दो वर्ष पूर्व सर्व शैक्षिक संघ कुरुद द्वारा जीवन दीप समिति सिविल अस्पताल कुरुद को मरीजों की सुविधा के लिए एंबुलेंस प्रदान किया गया था। उचित देखरेख एवं संचालन नहीं होने की शिकायत के आधार पर दो जनवरी 2024 को संघ द्वारा जीवन दीप समिति से एंबुलेंस को वापस लेकर वंदेमातरम समिति कुरुद को सौंपने कि मांग अध्यक्ष सचिव जीवन दीप समिति से की गई। लेकिन दो माह बाद भी इसे वापस नहीं किया गया है।

संघ ने आरोप लगाया कि जीवन दीप समिति की कार्य प्रणाली पर संदेह उत्पन्न होता है, कि मरीजों की देख रेख एवं सुविधा के लिए दी गईं एंबुलेंस के संचालन में लापरवाही बरती जा रही है। इसका संज्ञान लेते हुए उचित जांच किया जाना चाहिए संघ द्वारा प्रदान किए गए उक्त वाहन का वाहन चालक समय पर उपलब्ध नहीं होता। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार शैक्षिक संघ द्वारा प्रदान की गई एंबुलेंस के वाहन चालक द्वारा मरीजों को शासकीय अस्पताल में ले जाने की बजाय निजी अस्पताल में ले जाते हैं। शासकीय अस्पताल में रेफर होने वाले मरीजों को ले जाने से मना कर दिया जाता है। उक्त एंबुलेंस के लिए अधिक पैसा चार्ज किया जाता है ।

इन सभी बातों को लेकर सर्व शैक्षिक संघ विकासखंड कुरुद द्वारा बैठक कर निर्णय लेकर एंबुलेंस को जीवन दीप समिति सिविल अस्पताल कुरुद से वापस लेकर आगामी संचालन व्यवस्था के लिए 15 वर्षो से संचालित वंदेमातरम समिति पत्र के माध्यम से अधिकृत किया गया है।

एंबुलेंस को वापस करने की मांग करने वालो में देवेन्द्र कुमार दादर संरक्षक सर्व शैक्षिक संघ कुरुद, हरीश कुमार देवांगन प्रदेश अध्यक्ष व्यायाम संघ, योगेंद्र चंद्राकर छग शिक्षक संघ, हुमन चंद्राकर अध्यक्ष संयुक्त शिक्षक संघ, राजेश पांडेय अध्यक्ष तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, अशोक निर्मलकर छ ग शिक्षक संघ, हुलेश चंद्राकर छ ग सहायक शिक्षक संघ, प्रकाश सेन शिक्षक संघ, जे के साहू छग शिक्षक संघ शामिल हैं।

एंबुलेंस को वापस करना संभव नहीं

सर्व शैक्षिक संघ द्वारा जीवन दीप समिति को दी गई एंबुलेंस को वापस करना संभव नहीं है।

डा उमाशंकर नवरत्न, बीएमओ, सिविल अस्पताल कुरुद