संघ प्रमुख ने सिद्धपीठ हथियाराम मठ में किया रूद्राभिषेक, देवी बुढ़िया माई के दर्शन से आह्लादित

गाजीपुर,01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने सोमवार को जखनियां स्थित सिद्धपीठ हथियाराम मठ में हाजिरी लगाई। सिद्धपीठ पीठ में तीसरी बार आए संघ प्रमुख ने आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने के लिए देवी बुढ़िया माई, सिद्धिदात्री माता का पूजन-अर्चन के बाद ज्योतिर्लिंग का विधिवत दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच रूद्राभिषेक भी किया।

मठ में दर्शन पूजन के बाद संघ प्रमुख डॉ.भागवत ने कहा कि यहां आने से मुझे ऊर्जा मिलती है। इसके पहले संघ प्रमुख का स्वागत मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर भवानी नंदन यति और मठ के संतों के साथ जिलाधिकारी गाजीपुर आर्यका अखौरी, एसपी ओमवीर सिंह ने किया। संघ प्रमुख के आश्रम में मौजूदगी को देख सुरक्षा की अभेद्य किलेबंदी की गई। संघ प्रमुख ने हथियाराम मठ परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।