यूपी में महिलाओं को जोड़ने के लिए आरपीआई चलाएगी अभियान

लखनऊ, 08 मार्च (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) उत्तर प्रदेश में महिलाओं को जोड़ने के लिए अभियान चलायेगी। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शुक्रवार को आयोजित आरपीआई के प्रदेश कार्यालय में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शैल श्रीवास्तव जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया।

महिला मोर्चा की बैठक में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष शैल श्रीवास्तव ने कहा कि समाज में महिलाओं की भी भागीदारी उतनी ही है, जितनी एक पुरुष की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सदन में पास हुए महिला आरक्षण बिल ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया है। आरपीआई इस ऐतिहासिक बिल के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती है।

शैल श्रीवास्तव ने कहा कि आरपीआई बाबा साहेब के विचारों को साथ लेकर गांव-गांव, गली-गली, कस्बों, शहरों में महिलाओं को जागरूक करेगी एवं साथ जोड़ेगी। इसके लिए आगामी 10 मार्च से पूरे प्रदेश में अभियान चलेगा।

महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि शुक्ला ने कहा कि सामाजिक रूप से महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए और उनके योगदान को समझाने के मकसद से हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। आज महिलाओं को जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्हें अपने अधिकारों के प्रति आवाज उठाने की आवश्यकता है। हम महिला मोर्चा के माध्यम से समाज में दबी, कुचली, दलित, वंचित सहित हर वर्ग की महिलाओं को आरपीआई से जोड़ेंगे एवं उन्हें सशक्त बनाएंगे।

बैठक में प्रमुख रूप से दुर्गावती सिंह, संजना देवी, ममता सिंह, महरून निशा, सीता सिंह, विनीता श्रीवास्तव, प्रिया अस्थाना, प्रतिभा शाही, सरोज पांडेय, रुचि शुक्ला, रजिया, रोशन आरा, रेखा, रेनू, तारो बीबी सहित तमाम महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं।