दिल्ली-NCR में जल्द मिलेगी गर्मी से राहत, तीन दिन तक होगी बारिश, जानें मौसम का हाल

Delhiimd

दिल्ली में फरवरी के महीने में ही गर्मी ने मई-जून जैसी तपिश का एहसास कराना शुरू कर दिया है। दिन में तेज धूप और चुभन भरी गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि, अब राहत की खबर है! भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 27 फरवरी से 1 मार्च के बीच दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना है। इसमें नोएडा, गुड़गांव, फरीदाबाद, गाजियाबाद सहित पूरे NCR में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस बदलाव के चलते दिल्लीवालों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी कर दिया है।

दिल्ली का तापमान कैसा रहेगा?

सोमवार सुबह दिल्ली का तापमान 11°C दर्ज किया गया। IMD के अनुसार,

  • अधिकतम तापमान: 26-28°C
  • न्यूनतम तापमान: 10-12°C

रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7°C रहा, जो सामान्य से 1.2°C कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 10.3°C रिकॉर्ड किया गया। सोमवार को आसमान साफ रहेगा, लेकिन नमी का स्तर 97% तक पहुंच सकता है। ठंडी हवाओं के चलते गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

बारिश से दिल्ली-NCR के तापमान में गिरावट

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आरके जेनामणि के मुताबिक, तीन दिन तक चलने वाली बारिश की वजह से दिल्ली और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि,

  • पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से 27, 28 फरवरी और 1 मार्च को बारिश होगी।
  • इस बारिश के चलते अधिकतम तापमान 30°C से गिरकर 25-26°C तक आ सकता है।
  • न्यूनतम तापमान फिलहाल 12°C पर बना हुआ है, जो बारिश के बाद और गिर सकता है।
  • 1 मार्च के बाद मौसम साफ होने लगेगा, लेकिन तब तक बादल और ठंडी हवाएं बनी रहेंगी।

उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी बारिश का दौर जारी

उत्तर-पूर्व भारत में असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। IMD के अनुसार, Easterly Wave और वायुमंडलीय दबाव के कारण अंडमान-निकोबार और पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

किन राज्यों में होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले 24-48 घंटों में देश के कई राज्यों में बारिश देखने को मिल सकती है।

25 फरवरी से बारिश के आसार इन राज्यों में:

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड – मध्यम से भारी बारिश
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली-NCR – 26 फरवरी से 1 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश
पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान – 27-28 फरवरी को हल्की बारिश
पूर्वांचल और पूर्वी राजस्थान – छिटपुट बारिश की संभावना