अहमदाबाद मंडल की ई-पत्रिका ‘राजभाषा आश्रम सौरभ’ के 47वें अंक का विमोचन

अहमदाबाद, 21 जून (हि.स.)। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुधीर कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मंडल की ई-पत्रिका राजभाषा आश्रम सौरभ के 47वें अंक का अवलोकन व विमोचन किया। इस अवसर पर सुधीर कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक भी हुई। इस दौरान राजभाषा विभाग ने ‘कबीर जी’ के जीवन पर पावर पॉइंट के माध्यम से एक रोचक प्रस्तुति दी। इससे संबंधित प्रश्नमंच का आयोजन किया गया। प्रश्नमंच में विजेता अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

बैठक में प्रत्येक तिमाही की भांति इस बार भी हिन्दी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक ने “राजभाषा रत्न ” से पुरस्कृत किया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक शर्मा ने मंडल की पत्रिका की विषय-वस्तु को सराहा। उन्होंने ट्रांसलिटरेशन व अनुवाद की सहायता से राजभाषा हिंदी को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया। उन्होंने कबीर जी पर पीपीटी के प्रस्तुतिकरण की प्रासंगिकता को सराहा व नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य में रूचि जगाने की दृष्टि से मंडल के हिंदी पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों की सूची मंडल की वेबसाइट पर अपलोड करने की बात कही।

बैठक के उपाध्यक्ष एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (संरचना) दयानंद साहू ने मंडल रेल प्रबंधक की ओर से ध्यान में लाई गई विभिन्न मदों पर विशेष ध्यान देने व कार्रवाई करने पर जोर दिया। साहू ने राजभाषा विभाग के कर्मियों ने मंडल के 80 से अधिक स्टेशनों पर राजभाषा संपर्क अभियान चलाने की पहल की प्रशंसा की। बैठक के अंत में उपाध्यक्ष ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।