राष्ट्र सेविका समिति ने धूमधाम से मनाया नव सम्वत्सर

प्रयागराज, 09 अप्रैल (हि.स.)। प्रत्येक राष्ट्र जो अपनी उन्नति चाहता है, उसे अपनी संस्कृति और इतिहास को कभी भूलना नहीं चाहिए। भूतकालीन घटनाएं व कृतियां ही भविष्यकाल के लिए पथ प्रदर्शक बनती हैं। इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्र सेविका समिति भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं को पल्लवित एवं पोषित करने का कार्य कर रही है।

राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत प्रचार प्रमुख रिचा नारायण ने यह जानकारी देते हुए बताया कि देश भर में अपने विभिन्न शाखाओं के माध्यम से भारतीय उत्सव एवं सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने का कार्य समिति की सेविकाओं द्वारा किया जाता रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रयागराज विभाग द्वारा संगम नोज, विवेकानंद नगर झूंसी, अरैल घाट आदि विभिन्न स्थानों पर भारतीय नव वर्ष से सम्बंधित अनेक कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किये गये।

उन्होंने आगे बताया कि समिति की सेविकाओं ने वर्ष प्रतिपदा का कार्यक्रम बड़े धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम में प्रांत बौद्धिक प्रमुख वंदना, प्रांत सम्पर्क प्रमुख देवयानी, प्रांत प्रचार प्रमुख रिचा नारायण, जिला सहकार्यवाहिका रीना, सुलोचना, सोनी, रंजना, प्रगति, जिला कार्यवाहिका मंजू राव, संगीता आदि उपस्थित रहीं।