रांची नगर निगम और रिलेशंस ने बिरसा विद्यालय में किया पौधरोपण

रांची, 03 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त अमित कुमार के निर्देश पर बुधवार को पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत कांके रोड स्थित बिरसा उच्च विद्यालय में रिलेशंस के सहयोग से पौधरोपण किया गया। स्कूली बच्चों ने 31 पौधे लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प भी लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण जागरुकता सेमिनार भी आयोजित किया गया। इसमें बच्चों को प्रकृति की रक्षा के लिए संकल्प भी दिलाया गया।

मौके पर नगर निगम के सहायक अभियंता सौरभ केशरी ने कहा कि प्रकृति की रक्षा के लिए अब हम सभी को आगे आने की जरूरत है। पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत युद्ध स्तर पर पौधरोपण कर उनकी सेवा और देखभाल कर अपनी प्रकृति को हरा-भरा करने में हम सभी को अब आगे आने की जरूरत है।

कार्यक्रम में रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, रांची नगर निगम के सुपरवाइजर राजकुमार, सुधाकर यादव, बिरसा उच्च विद्यालय की प्राचार्या सुषमा तिवारी, साई कृपा के निदेशक गोपाल सिंह सहित अन्य मौजूद थे।