रामनवमी का पर्व सनातन धर्म के महत्वपूर्ण पर्वों में से एक : बांके बिहारी पांडेय

प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। विद्या भारती से सम्बद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, राजापुर में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय के नेतृत्व में रामनवमी एवं दुर्गाष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि रामनवमी का पर्व सनातन धर्म के महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है।

उन्होंने बताया कि रामनवमी तिथि को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। जो जगत के पालनहार भगवान विष्णु के सातवें अवतार थे। जिनका जन्म अयोध्या नगरी में हुआ था। रामनवमी और महानवमी दोनों ही हिन्दू धर्म में महत्वपूर्ण त्यौहार हैं। लेकिन इनकी तिथि, महत्व, पूजा और उत्सव में अंतर होता है। रामनवमी भगवान राम के जन्म का उत्सव है, जबकि महानवमी देवी दुर्गा की जीत का प्रतीक है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के प्रारम्भ में प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने अपनी धर्मपत्नी सीता पाण्डेय के साथ मां दुर्गा एवं भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन करके विधिवत पूजन अर्चन किया। तत्पश्चात विद्यालय की नन्ही मुन्नी देवी स्वरूपा नौ कन्याओं का पूजन अर्चन करते हुए सभी का पांव धुलकर चुनरी पहनाई और माला पहनाकर तिलक लगाया। उसके बाद खिला करके सभी को उपहार एवं दक्षिणा प्रदान करके उन्होंने एवं समस्त शिक्षक, शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि उसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने संगीताचार्य मनोज गुप्ता के निर्देशन में श्रीरामचंद्र एवं देवीजी के भजनों को सुनाकर भक्ति रस का वातावरण बना दिया। जिसमें सभी छात्र छात्राओं ने भी सुर में सुर मिलाया। सभी भजनों में विद्यालय के छात्र उमंग गुप्ता ने तबले पर बहुत ही सुंदर संगत करके वाहवाही लूटी। कार्यक्रम का संचालन आचार्य सत्य प्रकाश पाण्डेय ने किया।