डीएमके व सहयोगी कांग्रेस पर राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति का आरोप लगाया

चेन्नई, 16 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय रक्षामंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने मंगलवार को तमिलनाडु के कृष्णागिरी में भाजपा उम्मीदवार सी नरसिम्हन का प्रचार करते हुए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और उसके सहयोगी कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और वंशवादी राजनीति का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अश्वथमन के लिए तिरुवन्नामलाई जिले में रोड शो भी किया।

कृष्णागिरी की जनसभा में राजनाथ सिंह ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी पर प्रहार करते हुए कहा कि द्रमुक ने तमिलनाडु को केवल वंशवादी शासन और भ्रष्टाचार दिया है। जबकि भाजपा कहती है कि सबसे पहले राष्ट्र। उन्होंने कहा कि पूरी द्रमुक एक पारिवारिक उद्योग है और द्रमुक की पारिवारिक राजनीति के कारण राज्य के युवाओं को आगे बढ़ने का मौका नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पता चला है कि रेत तस्करों ने दो वर्षों में राज्य के खजाने को 4,600 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। मैं कल्पना नहीं कर सकता कि राज्य में लूट का कितना बड़ा खेल चल रहा है। केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास के लिए दिल्ली से हजारों करोड़ रुपये भेजती है।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा का तमिलनाडु से गहरा नाता है। राममंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी त्रिची के श्रीरंगनाथस्वामी मंदिर आए और पूरे अनुष्ठान के साथ ‘कंब रामायण’ का पाठ सुना। वह स्थान जहां ऐसा माना जाता है कि महाकवि कंबार ने अपना पहला सार्वजनिक पाठ किया था। तमिल संस्कृति को प्रधानमंत्री ने बड़ी गंभीरता से लिया है। तमिल भाषा को ग्लोबल बनाने के लिए मोदी के बड़े सपने हैं। इसका पता इस बात से चलता है कि जब देश में नया संसद भवन बना तो उन्होंने इसका प्रतीक स्थापित किया। पार्टी घोषणापत्र में भाजपा ने कहा है कि दुनिया भर में तिरुवल्लुवर सांस्कृतिक केंद्रों के निर्माण की दिशा में काम करेगी। मोदी ने फैसला किया कि भारत ही नहीं, पूरी दुनिया में तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।