राज्य पुलिस के डीजी पद पर राजीव कुमार की वापसी, चुनाव आयोग ने हटाया था

1fd4902123106ee340fe2db7fa9ac81a

कोलकाता, 15 जुलाई (हि.स.)। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजी) पद पर राजीव कुमार की वापसी हुई है। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद ही चुनाव आयोग ने उन्हें डीजी पद से हटा दिया था। उनकी जगह आईपीएस संजय मुखर्जी को डीजी बनाया गया था। चुनाव समाप्त होते ही फिर से नवान्न (राज्य सचिवालय) ने राजीव को डीजी पद पर बहाल कर दिया।

ममता बनर्जी के बेहद खास हैं राजीव कुमार

दरअसल राजीव कुमार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बेहद खास माने जाते हैं। लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग ने राजीव कुमार को डीजी पद से हटाकर संजय मुखर्जी को नियुक्त किया था। तीन महीने पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जो राज्य की गृह मंत्री भी हैं, ने राजीव कुमार को डीजी पद पर बैठाया था। इसके बाद, चुनाव आयोग ने उन्हें इस पद से हटा दिया और वह राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे। चुनाव समाप्त होने के बाद, आयोग के निर्देशानुसार हटाए गए अधिकारियों को उनके मूल पद पर वापस लाना आम चलन है। लोकसभा चुनाव समाप्त होने के बाद से ही राजीव कुमार की डीजी पद पर वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि, पांच जून को आदर्श आचार संहिता के समाप्त होने के बावजूद राजीव कुमार की वापसी नहीं हो सकी क्योंकि राज्य में चार विधानसभा उपचुनाव भी थे। इन उपचुनावों की समाप्ति के बाद ही राजीव कुमार को डीजी पद पर बहाल किया जा सका।