राजगढ़ः देश के इतिहास का काला धब्बा चिरकाल तक कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाएगा: रावत

राजगढ़, 25 जून (हि.स.)। भारतीय लोकतंत्र में अपनी कुर्सी को बचाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल देश के इतिहास पर कालिक पोतने वाला वह काला धब्बा है, जो चिरकाल तक कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता रहेगा।

भाजपा पर संबिधान बदलने का आरोप लगाकर दुष्प्रचार करने वाली कांग्रेस यह भूल गई की गांधी परिवार का इतिहास रहा है कि अपने स्वार्थ को बचाने के लिए संबिधान को तोड़ मरोड़ कर लोकतंत्र को कुचला गया है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी कुर्सी को बचाने के लिए तानाशाही अपनाते हुए 1975 में आपातकाल लगाकर देश के संबिधान को कुचला था और लोकतंत्र की हत्या की थी।

कांग्रेस सत्ता पाने के लिए भाजपा पर संविधान से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर दुष्प्रचार कर लोगों को भ्रमित कर रही है। यह बात मंगलवार को मंडी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय परिसर में आपातकाल की 50 वी बरसी पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री पूर्व विधायक रणवीरसिंह रावत ने कही। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान तत्कालीन प्रधानमंत्री ने मीडिया, न्याय प्रक्रिया, एवं राजनेताओं को प्रतिबंधित कर राष्ट्रभक्तों को जेल में डलवाया था, जिन्हें 21 माह तक यातनाएं झेलनी पड़ी थी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा अपने स्वार्थ के लिए लगाया गया आपातकाल कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल थी, जिसे देश कभी माफ नही करेगा। कार्यक्रम के दौरान मीसाबंदी के परिजनों को सम्मानित किया गया।