वर्षा अलर्ट: इस साल औसत से ज्यादा होगी बारिश, IMD ने जारी की संभावना

नई दिल्ली। इस समय उत्तर और मध्य भारत भीषण गर्मी की चपेट में है। हालात ऐसे हैं कि लू के कारण मौतों की खबरें भी सामने आने लगी हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से लोगों को एक अच्छी खबर दी गई है। बताया गया कि इस साल देश में औसत से ज्यादा मानसून रहने की संभावना है। IMD ने कहा, “सांख्यिकीय नजरिए से समझा जाए तो पूरे देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण मौसमी वर्षा ± 4 प्रतिशत की मॉडल त्रुटि के साथ दीर्घ अवधि औसत (LPA) की 106% रहने की संभावना है।”

मौसम विभाग ने कहा, “इस साल जून से सितंबर तक चलने वाले देश के मॉनसून सीजन में सामान्य से ज़्यादा बारिश होने की संभावना है।” आईएमडी ने कहा कि भारत के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में मॉनसून सामान्य से ज़्यादा रहेगा। भारत के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बारिश सामान्य से कम होगी। साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत में भी सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है। बताया गया कि अगले 5 दिनों में केरल में मॉनसून की शुरुआत हो सकती है। इसे लेकर परिस्थितियाँ बिल्कुल अनुकूल हैं।

पिछले साल बारिश कम हुई

पिछले साल भारत में मानसून के मौसम में कुल 94 प्रतिशत बारिश हुई थी। भारत में कुल वर्षा का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान प्राप्त होता है। केरल में मानसून के आगमन के साथ ही भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून की गति स्पष्ट हो जाती है। यह गर्म और शुष्क मौसम से बरसात के मौसम में संक्रमण को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण संकेतक है।

जून में गर्मी और अधिक परेशान करेगी!

आईएमडी ने साफ किया है कि जून में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। आईएमडी ने जून में उत्तर-पश्चिम भारत और मध्य क्षेत्र के आसपास के हिस्सों में हीटवेव दिनों की संख्या अधिक रहने का अनुमान लगाया है। आईएमडी ने कहा है, “जून 2023 के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश क्षेत्रों और उत्तर मध्य भारत के पड़ोसी क्षेत्रों में सामान्य से अधिक गर्म दिन रहने की संभावना है।”