राहुल गांधी की जड़े इटली में, कांग्रेस और सैम पित्रोदा भारत के विचार को खत्म करना चाहते हैं : शिवराज


भोपाल, 9 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता सैम पित्रोदा हर दिन पता नहीं क्या-क्या कह रहे हैं। एक बार कहा कि विरासत टैक्स लगना चाहिए। विरासत टैक्स का मतलब है कि, माता-पिता की मौत के बाद उनकी सम्पत्ति का 55 प्रतिशत हिस्सा सरकार के खाते में चला जाएगा और 45 प्रतिशत ही उनके बच्चों को मिलेगा। हमारे भारत में तो गरीब, मजदूर भी अपना पेट काट-काटकर अपने बच्चों के लिए कुछ बचा पाते हैं और कांग्रेस उनसे ये भी छीन लेना चाहती है। अब कांग्रेस और सैम पित्रोदा कह रहे हैं कि, “नॉर्थ ईस्ट के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं। दक्षिण के लोग “दक्षिण अफ्रीका जैसे लगते हैं। अलग भाषा, अलग भेष फिर भी अपना एक देश। कांग्रेस भारत का विचार, भारत की धरती, भारत की माटी, भारत की परंपरा, भारत के जीवनमूल्यों को खत्म करना चाहती है, क्योंकि राहुल गांधी की जड़े भारत से नहीं इटली से जुड़ी हुई हैं, वह भारत को जानते ही नहीं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार को खंडवा लोकसभा से भाजपा उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल के समर्थन में मांधाता, पंधाना और नेपानगर में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि, भाजपा का तो तय है कि, जीतने के बाद नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले बताएं कि, आखिर उनका प्रधानमंत्री कौन है। कभी कहते हैं कि, बाद में तय करेंगे, कभी कहते हैं कि, बारी-बारी से बन जाएंगे। कोई नाम तो बताओ कि, धन्नू होगा, कल्लू होगा, पन्ना होगा या जुम्मन होगा। ये कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले कभी भी देश और जनता का भला नहीं कर सकते हैं। देश के विकास और जनता के कल्याण से इनका कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जिताना है और नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

लाड़ली बहना के बाद लखपति दीदी का सफर

उन्होंने कहा कि मैंने बचपन में बेटा-बेटी में भेदभाव होते देखा था, बहनों की दुख-दर्द और तकलीफ देखी थी, तब मन में बहुत पीड़ा होती थी। इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई और बेटियों को जन्म से ही लखपति बनाने का काम किया। मुझे कहते हुए गर्व है कि मध्यप्रदेश की धरती पर आज 50 लाख से ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां है। फिर कन्या विवाह योजना के अंतर्गत लाखों बेटियों की शादी करवाई। स्थानीय निकाय में बहनों को 50 प्रतिशत रिज़र्वेशन दिया। फिर आई लाड़ली बहना योजना, इस योजना ने तो बहनों का जीवन ही बदल दिया। बहनों को मान-सम्मान और आत्मविश्वास बढ़ा दिया लेकिन ये सफर यहीं नहीं रूकने वाला है। अब लखपति बहना का सफर पूरा करना है। लखपति बहना मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की सालाना आय एक लाख रुपये से ज्यादा हो।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आपका अपना हूं और जनता ही मेरी भगवान है। जब तक मेरी साँसे चलेंगी, आपके लिए चलेंगी। भाजपा ने मुझे बहुत सम्मान दिया है और अब मामा दिल्ली जा रहा है, लेकिन छोड़ूंगा नहीं, दिल्ली से भी आपके लिए आऊंगा। उन्होंने कहा कि विदिशा में चुनाव हो गए, मामा धूमधाम से जीतने वाले हैं, दिल्ली जाकर भी मैं आप सभी को भूल नहीं सकता, क्योंकि ये जनता ही अपनी साथी है। मैं आप सभी को आश्वस्त करता हूं कि, यहां विधायक और सांसद तो सेवा करेंगे ही और जब जरूरत पड़ेगी मामा शिवराज सिंह भी आपकी सेवा कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

मोदी जी के नेतृत्व में विश्व गुरू बनेगा भारत

शिवराज ने कहा कि मोदी ने अद्भुत काम किया है। मोदी जी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली, शक्तिशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस के जमाने में तो छोटे-छोटे देश हमें डराते थे, लेकिन मोदी ने कह दिया कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, और हमें किसी ने छेड़ा तो छोड़ेंगे भी नहीं। आज दुनियाभर में भारत का डंका बज रहा है। दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये सम्मान केवल मोदी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। मोदी के नेतृत्व में हमारा देश आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और मोदी जी के तीसरे टर्म में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि, मोदी के नेतृत्व में ही भारत विश्व गुरू बनेगा और पूरी दुनिया को दिशा दिखाएगा।

शिवराज का जगह-जगह भव्य स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने खंडवा लोकसभा के मूंदी, सिंगोट और खकनार में विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सीएम जहां-जहां भी गए, आमजन ने उनका फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया। खासतौर से बहनों ने अपने भैया शिवराज को तिलक लगाकर, आरती उतारकर और सिर पर हाथ रख उन्हें आशीर्वाद दिया। बच्चों और मामा का प्रेम तो देखते ही बनता है, बच्चे शिवराज को देखते ही मामा कहते हुए उनके गले लग जाते हैं। शिवराज भी बच्चों को दुलार करते हैं और उनके सिर पर हाथ रख उन्हें खूब पढ़ने और आगे बढ़ने का आशीर्वाद देते हैं। जनसभाओं के दौरान बड़े-बुजुर्गों ने शिवराज सिंह को जुग-जुग जियो कहते हुए आशीर्वाद दिया तो वहीं युवा, नौजवानों ने फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत-सत्कार किया।