अहमदाबाद : कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से शनिवार को मिलेंगे राहुल गांधी

अहमदाबाद, 5 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को दिन के 12.30 बजे अहमदाबाद आएंगे। वे अहमदाबाद के पालडी स्थित राजीव गांधी भवन में कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। राजीव गांधी भवन पर हुए पथराव के बाद कांग्रेस के कई कार्यकर्ता पुलिस कस्टडी में हैं। राहुल गांधी इन कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे। इसके अलावा राजकोट अग्निकांड, वडोदरा हरणी बोटकांड और मोरबी ब्रिज हादसों के पीड़ित परिवार से भी मिलने की संभावना है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने बताया कि शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अहमदाबाद आएंगे। वे प्रदेश कार्यलय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा राज्य में पिछले कुछ वर्षों के दौरान हुए बड़े हादसों में पीड़ित परिवार के सदस्यों से भी वे मिलेंगे। राहुल गांधी अहमदाबाद में डेढ से दो घंटे तक रुकेंगे। कांग्रेस भवन के पार्किंग प्लॉट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। गोहिल ने बताया कि राहुल गांधी जगन्नाथ मंदिर नहीं जाएंगे, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता शाम 4 बजे मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। शक्तिसिंह ने कहा कि पार्टी ने कार्यकर्ताओं का रिमांड पूरा हो रहा है, इसलिए उनसे मिलने का प्रयत्न किया जाएगा। यदि उनसे मुलाकात नहीं होती है तो उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात किया जाएगा।

पूरे राज्य के कार्यकर्ताओं को बुलाकर जेल भरो कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। कांग्रेस की ओर से दी गई शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस के साथ हमारा संघर्ष नहीं हो और राहुल गांधी ने कहा है कि डरो मत, डरावो मत। भाजपा ने राहुल गांधी के लोकसभा में दिए भाषण को टुकड़े-टुकड़े में प्रचारित किया है। पूरा भाषण सुनना चाहिए। राहुल गांधी की बात को लेकर लोग घबरा गए हैं कि उनकी दुकान बंद हो जाएगी। जगद्गुरु ने भी राहुल गांधी के भाषण की प्रशंसा की है। हिन्दू संगठनों ने भी भाषण की सराहना की है।