राहुल गांधी दलितों के अपमान और आरक्षण विरोध पर माफी मांगें: डॉ. भोला सिंह

2044e360a4b3d386a51ed101a3ec81fe

देहरादून, 21 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के बुलंदशहर सांसद और अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. भोला सिंह ने कांग्रेस पर दलित समाज के अपमान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दलित समाज और देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को संविधान की दुहाई देकर भ्रमित किया और विदेशों में आरक्षण समाप्त करने की बात कही।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. भोला सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से दलितों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में अनुसूचित जाति और जनजातियों को गुमराह किया गया और संविधान का अपमान किया गया। डॉ. सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का कभी सम्मान नहीं किया और उनके योगदान को नजरअंदाज किया।

उन्होंने राहुल गांधी के अमेरिका में दिए बयान की निंदा की, जिसमें राहुल ने आरक्षण को समाप्त करने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति झूठ और तुष्टिकरण पर आधारित है, और देश की जनता अब पूरी तरह से जागरूक हो चुकी है।