विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले बुधवार से शुरू हो रहे एक सप्ताह के विरोध प्रदर्शन के लिए चंडीगढ़ जा रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया है।
पंजाब में विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर केंद्र शासित प्रदेश के सभी प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसकेएम राज्य सरकार से समर्थन मूल्य पर छह फसलों की खरीद समेत अन्य मांगें कर रहा है।
एसकेएम 30 से अधिक किसान संगठनों का एक समूह है और इसने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में 5 मार्च से चंडीगढ़ में एक सप्ताह तक धरना देने का आह्वान किया है।
पंजाब पुलिस के डीआईजी एचएस भुल्लर ने कहा कि प्रदर्शनकारी किसानों को किसी भी कीमत पर चंडीगढ़ नहीं पहुंचने दिया जाएगा। बुधवार सुबह ट्रैक्टर, ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए किसानों को पंजाब पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर रोक दिया।
मोगा में क्रांतिकारी किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष जतिंदर सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ जाते समय उन्हें मोगा जिले के अजीतवाल में पंजाब पुलिस ने रोक लिया। सिंह ने दावा किया कि उनमें से कुछ को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।
किसानों ने चंडीगढ़ जाने की अनुमति न देने पर भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।