प्रो. डी. पी. सिंह टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज मुम्बई के कुलाधिपति नियुक्त

वाराणसी,27 अप्रैल (हि.स.)। जाने माने शिक्षाविद् व कुशल अकादमिक प्रशासक प्रो.डी.पी. सिंह को टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ़ सोशल साइंसेज मुम्बई का कुलाधिपति नियुक्त किया गया है। प्रो. सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शिक्षा सलाहकार भी हैं।

प्रो. डी.पी. सिंह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के चेयरमैन रह चुके हैं। उन्होंने लगभग चार दशकों के अपने करियर में भारतीय उच्च शिक्षा में कई अकादमिक संस्थाओं का नेतृत्व किया है। कुलपति के रूप में प्रोफेसर सिंह ने तीन विश्वविद्यालयों का नेतृत्व किया है, जिसमें काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी, डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर, शामिल है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद, (नैक) के निदेशक पद के साथ प्रो. डी. पी. सिंह ने भारतीय उच्च शिक्षा में अनेक महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारियां निभाई हैं।