कैदी के परिजनों ने शव के साथ रांची के कांके चौक पर लगाया जाम

रांची, 14 सितम्बर (हि. स.)। होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में गला काटकर आत्महत्या करने वाले कैदी रहमतुल्लाह अंसारी के परिजनों ने गुरुवार को शव के साथ कांके चौक पर जाम लगा दिया। हालांकि, कुछ देर के बाद प्रशासन के समझाने बुझाने पर जाम समाप्त हो गया।

इससे पहले रिम्स में रहमतुल्लाह के शव का मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम किया गया। उसकी वीडियोग्राफी भी करायी गयी। सैकड़ों की संख्या में परिजन और गांव के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन और साथ आये लोग शव के साथ कांके चौक पहुंचे और रोड पर जाम लगा दिया। कैदी के परिजनों ने जेल प्रशासन पर आरोप लगाया कि रहमतुल्लाह अंसारी का गला काटकर जेल में हत्या की गयी है।

थाना प्रभारी प्रभास ने बताया कि कुछ देर के लिए सड़क जाम हुआ था लेकिन लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त करा लिया गया।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को जेल प्रशासन की ओर से गंभीर हालत में कैदी रहमतुल्लाह को रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रहमतुल्लाह मूल रूप से कांके थाना क्षेत्र के हुसिर का रहने वाला था। कांके पुलिस ने कार चुराने के आरोप में दो अप्रैल, 2022 को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा था। जेल परिसर में उसने अपना गला खुद काट लिया था।