प्रधानमंत्री मोदी ने सही मायनों में चौधरी चरण सिंह को सम्मान दिया:योगी अदित्यनाथ

गाजियाबाद,19अप्रैल(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां कहा कि पहली बार प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह साहब को देश का सर्वोच्च सम्मान देकर हम सबको गौरवान्वित किया है। इससे किसानों और ग्रामीणों का सम्मान बढा है। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब का सपना था कि किसानों को सुविधा मिले। वही सपना भाजपा शासनकाल में पूरा किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में ही किसानों के लिए 2700 करोड़ इसी वर्ष दे दिया गया है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को बागपत सीट से एनडीए के लोकसभा प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।रालोद के राष्ट्रीय अध्य्क्ष जयंत चौधरी ने भी जनसभा को सम्बोधित किया।

योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, भारत को दुनिया में सम्मान दिलाने का काम मोदी ने किया है। साथ ही मोदी जी के नेतृत्व में आआईटी, डेवलपमेंट व अन्य क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। वर्ल्ड क्लास की सुविधा, इंफ्रास्ट्रक्चर, 14 लेन का एक्सप्रेस वे, रैपिड, मेट्रो, तेजी से बढ़ता इफ्रास्ट्रक्चर नए भारत पहचान बन गया है।

उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। 12 करोड़ किसानों को पीएम सम्मान निधि मिल रही है। 7 करोड़ आयुष्मान कार्ड धारकों को चिकित्सा का लाभ मिल रहा है। चार करोड़ लोगों को पक्का मकान दिया गया है। जब अच्छा नेता चुनते हैं, अच्छी सरकार चुनते हैं तो परिणाम भी अच्छा आता है।

उन्होंने पाकिस्तान पर कहा कि 22 करोड़ की आबादी वाले पाकिस्तान में लोग भुखमरी की कगार पर हैं, जबकि भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन देने काम सरकार कर रही है।

उन्होंने उत्तर-प्रदेश की कानून व्यवस्था को बेहतरीन बताते हुए कहा कि पिछली सरकारें दंगा कराती थीं, आज दंगा और कर्फ्यू नहीं होते, अब तो शानदार तरीके से कांवड़ यात्राएं निकलती हैं।किसी ने बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया तो अपराधी का राम नाम सत्य तय है। सीएम योगी ने कहा कि मजबूत सरकार में ही सुशासन और सुरक्षा का लाभ प्राप्त होता है।

उन्होंने कहा कि अबकी बार 400 पार के लिए और मोदी सरकार के लिए बागपत में भी एनडीए के प्रत्याशी विजयी होने चाहिए। डॉ. राजकुमार सांगवान जैसे कार्यकर्ता को जयंत चौधरी ने जनता की सेवा के लिए उतारा है, इसके लिए उन्हें आभार। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने लोगों से सांगवान को जिताने की अपील की।