राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, शीर्ष मंत्रियों ने किया मतदान

नई दिल्ली, 25 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और शीर्ष केंद्रीय मंत्रियों ने आम चुनाव के छठे चरण में आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू और उपराष्ट्रपति धनखड़ ने स्याही लगी अपनी उंगलियां दिखाईं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मतदाताओं की कतार में लगीं और राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विद्यालय के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। यह एक पिंक बूथ है। इसका प्रबंधन महिलाओं ने किया है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ नॉर्थ एवेन्यू स्थित सीपीडब्ल्यूडी सर्विस सेंटर के पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि लोकसभा 2024 चुनाव के लिए अपना वोट डालने पर गर्व है। उन्होंने सभी से अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करने और अपने संवैधानिक कर्तव्य को पूरा करने का आग्रह किया।

विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने मतदान केंद्र पर पहले पुरुष मतदाता बने। उन्हें मतदान के लिए प्रमाणपत्र भी मिला। जयशंकर ने अपना प्रमाणपत्र दिखाते हुए कहा कि आज सुबह नई दिल्ली में अपना वोट डाला। मैं इस बूथ पर पहला पुरुष मतदाता रहा। चुनाव के इस छठे चरण में आज मतदान करने वाले सभी लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं।

केंद्रीयमंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अपनी पत्नी लक्ष्मी के साथ नई दिल्ली के आनंद निकेतन में माउंट कार्मेल स्कूल में मतदान किया। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि 1951-52 में भारत के पहले आम चुनाव के मध्य में जन्म लेने से लेकर आज 18वीं लोकसभा के लिए मतदान तक, मैंने दशकों से लोकतंत्र के इस त्योहार को ताकत और परिमाण में विकसित होते देखा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और वास्तव में पूरा देश उत्साहपूर्ण है और प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत बनने की दिशा में भारत की यात्रा के पक्ष में है।

आम चुनाव के छठे चरण के लिए सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 58 संसदीय सीटों पर कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। इसमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर मतदान चल रहा है। इनमें नई दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक सीट शामिल हैं।