प्रदेश में प्री मानसूनी बारिश का दौर शुरू : मारवाड़ तरस रहा, उमस से आमजन बेहाल

जोधपुर, 24 जून (हि.स.)। दक्षिण पश्चिमी मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। अरब सागर में बनी नमी से प्रदेश में मानसून के एक दो दिन में सक्रिय होने के आसार बने है। प्रदेश में कुछेक जिलों में प्री- मानसून की बारिश होने लगी है मगर पश्चिमी राजस्थान, बीकानेर संभाग प्री- मानसून बारिश को तरस से गए है। दो दिन से भीषण गर्मी और उमस ने आमजन को बेहाल कर रखा है। मारवाड़ पर बादलों की आवाजाही बनी हुई है, मगर अब तक प्री मानसून की बारिश नहीं होने से लोग निराश से हो गए है। आसमां पर टकटकी निगाह जमाकर बैठे है कब बारिश होगी।

सोमवार को जोधपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में सुबह से बादलों का झुरमुट नजर आ रहा है। काले घने बादल छाए होने उपरांत भी दोपहर तक बारिश नहीं हो पाई। भीषण गर्मी और उमस की मार लोगों को झेलनी पड़ रही है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी 26 जून से प्रदेश में मानसून प्रवेश करेगा। इसके बाद यह धीरे- धीरे प्रदेश पर छाएगा। यानी अब मारवाड़ में सीधे मानसून की बारिश के आसार बने है। आज बादलों के छाने से सूर्यदेव जरूर उनकी ओट में छुपे रहे मगर उमस ने आमजन जीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। हालांकि मंडोर एरिया में रविवार को बारिश होने से लोगों को राहत महसूस हुई थी।