प्रयागराज जिले को सुंदर और विकास का मॉडल बनाएंगे : प्रवीण पटेल

प्रयागराज, 17 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी फूलपुर लोकसभा केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन जॉर्ज टाउन क्लब में किया गया। फूलपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी प्रवीण पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के ही नहीं बल्कि दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नेता हैं। जिनके नेतृत्व में भारत का विश्व में डंका बज रहा है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का विजन है प्रयागराज को दुनिया का सबसे सुंदर शहर बनाने का और इसके लिए हम दिन रात एक कर प्रयागराज जिले को सुंदरता के साथ-साथ दुनिया का विकास मॉडल बनाएंगे।

इस अवसर सांसद केसरी देवी पटेल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह गौर ने कहा कि देश के अंदर चारों तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की लहर दौड़ रही है। पूरा देश भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व को स्वीकार कर चुकी है। प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीटों पर प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलेगा।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि यह चुनाव विकसित, आत्मनिर्भर और मजबूत भारत के लिए लड़ाई भारतीय जनता पार्टी लड़ रही है। वहीं कांग्रेस, सपा और उसके सहयोगी दल सिर्फ अपने परिवार और देश के विभाजनकारी शक्तियों को बढ़ावा देने के लिए चुनाव लड़ रही है। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमर कस लिया है और संकल्प लिया है कि देश की विभाजनकारी शक्तियों को हम मिट्टी में मिला देंगे।

लोकसभा प्रभारी बालेंदु मणि त्रिपाठी ने कहा कि कहा कि भाजपा का एजेंडा आत्मनिर्भर, विकसित और नए भारत के निर्माण के लिए है। भाजपा के कार्यकर्ता इस लोकसभा के चुनाव में देश के भविष्य के लिए मां भारती के गौरव के लिए भारत की सनातन संस्कृति के लिए भारत के विश्व में शक्तिशाली बनाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। फूलपुर लोकसभा संयोजक एवं विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत में संस्कृतिक जागरण का उदय हुआ और भारत की जयकार पूरी दुनिया में हो रही है। विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने कहा कि शहर उत्तरी विधानसभा अबकी बार सबसे ज्यादा लीड करके फूलपुर संसदीय क्षेत्र को जीतने जा रही है।

अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र ने कहा कि भाजपा की लड़ाई देश की जनता रही है और विपक्षी नेता सपा व कांग्रेस के लोग अभी से ही अपनी हार मान बैठे हैं और अपनी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे। गंगापार जिलाध्यक्ष कविता पटेल ने कहा कि भाजपा अपने पिछले चुनाव के मुकाबले में प्रयागराज के दोनों लोकसभा सीटों का रिकॉर्ड तोड़ेगी और प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

अपना दल के नेता पूर्व सांसद नागेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि अपना दल का हर एक कार्यकर्ता भाजपा के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रयागराज की फूलपुर, इलाहाबाद और कौशाम्बी लोकसभा की सीटों पर कमल खिलाएगा। इनके अलावा पूर्व विधायक प्रभा शंकर पांडे, क्षेत्रीय महामंत्री संतोष सिंह पटेल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, उपेंद्र सिंह, विभूति नारायण सिंह, अश्वनी दुबे, अनीता त्रिपाठी, शशि वार्ष्णेय, विक्रम सिंह पटेल, अश्वनी पटेल ने अपने विचार रखे।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इसके पूर्व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यालय उद्घाटन पर पूजन अर्चन किया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सचित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा पार्टी कार्यालय में प्रत्याशियों के नामांकन एवं अन्य कार्यक्रमों को लेकर संचालन समिति की बैठक की गई। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री कमलेश कुमार गौतम एवं संजय गुप्ता एवं धन्यवाद अनुज परिहार ने किया।