प्रदीप वर्मा ने चुनाव आयोग को दी संपत्ति की गलत जानकारी : झामुमो

रांची, 14 मार्च (हि. स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा के नॉमिनेशन एफिडेविट पर झामुमो ने सवाल खड़ा किया है। झामुमो ने कहा कि एफिडेविट के संपत्ति ब्योरे में अपनी चल-अचल संपत्ति को छिपाया है। यहां तक कि कई जानकारियां भी छुपायी हैं। उनकी संपत्ति उत्तर प्रदेश से लेकर यहां तक कहां-कहां क्या-क्या है। इसके सारे दस्तावेज पार्टी के पास हैं। चूंकि अब लोकसभा चुनाव होने हैं, इसे लेकर इलेक्शन कमीशन व्यस्त रहेगा। इसलिए अब चुनाव के बाद झामुमो इलेक्शन कमीशन में जाकर सारे दस्तावेज के साथ मिलेगा और इस निर्वाचन को चुनौती देगा। सुप्रियो भट्टाचार्य गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि झारखंड़ में आदिवासी मूलवासी की बात करनेवाली भाजपा ने बाहर से उम्मीदवार लाकर राज्यसभा भेजने का काम किया है। आजमगढ़ के एक व्यक्ति को झारखंड से राज्यसभा भेजने का काम किया। लेकिन शपथ पत्र में रांची का जिक्र किया है। साथ ही चुनावी पर्चे में अपनी संपत्ति के बारे में भी छुपाने का काम किया है। रघुवर राज में दिन दोगुनी रात चौगुनी पैसे में बढ़ोतरी हुई है।

प्रदीप वर्मा फार्म हाउस, खेलगांव में फ्लैट, पंडरा में फ्लैट, सरला बिरला के अंदर दवाई दुकान के मालिक हैं। कई एनजीओं चलाते हैं। अरगोड़ा में जमीन है, धनबाद में जमीन के मालिक हैं। इसके अलावा आजमगढ़ में आलीशान मकान है। इन सब के मालिक प्रदीप वर्मा हैं। प्रदीप वर्मा ने अपने किसी भी हलफनामा में आजमगढ़ का जिक्र नहीं किया है। सभी प्रोपर्टी में अलग अलग पता दर्ज कराया गया है। अब इसकी शुरुआत हुई है। सभी दस्तावेज मौजूद हैं।