पश्चिमी सिंहभूम के सैडल गेट क्षेत्र में नक्सलियों की पोस्टरबाजी

पश्चिमी सिंहभूम, 11 मई (हि.स.)। भाकपा माओवादी नक्सलियों ने शुक्रवार रात किरीबुरु थाना क्षेत्र अन्तर्गत सैडल गेट क्षेत्र में लोकसभा चुनाव बहिष्कार का पोस्टर-बैनर लगा दिया। मामले की जानकारी मिलते ही किरीबुरु पुलिस शनिवार अहले सुबह मौके पर पहुंची और सभी पोस्टरों को हटा लिया। सुबह जब कुछ लोग किरीबुरु-बड़ाजामदा मार्ग पर आवागमन कर रहे थे तब उनकी नजर नक्सलियों के लगाये इन पोस्टरों पर पड़ी।

बताया जा रहा है कि मोटरसाइकिल सवार नक्सली शुक्रवार रात के अंधेरे में यह पोस्टर लगाकर सारंडा के जंगल गांव होते अन्यत्र निकल गये। नक्सली चुनाव के दौरान कुछ उत्पात करने की कोशिश कर सकते हैं। हालांकि, पुलिस चौकस और सतर्क होकर नक्सलियों की हर गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनकी गलत मंशा व कोशिशों को विफल करने में जुटी हुई है।