हाेली को लेकर पुलिस ने किए विशेष प्रबंध, हुड़दंगियों पर रहेगी नजर

Img 20240323 Wa0006 231

धमतरी, 23 मार्च (हि.स.)।25 मार्च को पूरे जिलेभर में होली का त्यौहार मनाया जाएगा। इसके पहले दिन 24 मार्च की रात को होलिका दहन होगा। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सतत मानिटरिंग के लिए अलग-अलग टीमें गश्त करेंगी। वहीं पेट्रोलिंग वाहन दौड़ती नजर आएंगी। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। वहीं ग्रामीण अंचलों में थाना क्षेत्रों के पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी समय-समय पर गांवों में पहुंचकर स्थिति पर नजर रखेगी।

होलिका दहन से होलिकोत्सव तक सभी क्षेत्रों में पुलिस सुरक्षा के विशेष प्रबंधन किए जाएंगे। त्यौहार मनाने वाले लोगाें को कोई दिक्कत न हो, इसका विशेष ख्याल रखा जाएगा। एसपी आंजनेय वार्ष्णेव ने बताया कि शहरी क्षेत्र में संबंधित थाना सिटी कोतवाली, रूद्री, अर्जुनी के पांच-पांच पुलिस जवान व अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन रूद्री के पांच-पांच जवान शहर के वार्डाें व चौक-चौराहों पर बाइक से घूम-घूमकर नजर रखेंगी, पुलिस ने इसे सुविधा टीम का नाम दिया है। जिसमें पुलिस अधिकारी, हवलदार व आरक्षक शामिल होंगे।

नगर पंचायत नगरी, कुरूद में भी इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था होगी। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी संबंधित थाना के पुलिस जवान पेट्रोलिंग वाहनों से घूम-घूमकर ड्यूटी निभाएंगे। यह टीम शहर के तालाब किनारे, खाली मैदान पर भी नजर रखकर ग्रुप लोगों को हटाएंगे, ताकि विवाद की स्थिति न बनें। कंट्रोल रूम में विशेष व्यवस्था की गई है। कहीं से भी असामान्य स्थिति की खबर मिलते ही 10 मिनट के भीतर पुलिस पहुंचने की व्यवस्था की जा रही है। पुलिस विभाग ने पहले से ही शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गरिमामयढंग होली मनाने की अपील की है। शांति समिति की बैठक में विभिन्न समाज प्रमुखों ने आश्वस्त किया है कि वे अपने-अपने स्तर पर व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए प्रयास करते रहेंगे।

पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और गोपनीय स्थानों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरे बना लिए है। शहर के कुछ वार्ड व जगह संवेदनशील है, जहां की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से पुलिस अधिकारी व जवान करेंगे। इन स्थानों पर हुड़दंग मचाने की खबर कहीं मिली, तो तत्काल पुलिस दस्ता पहुंचेगा और ऐसे लोगों को हिरासत में भी लिया जाएगा। पूरे जिले में 10 से 15 जगह संवदेनशील जगह के नाम पर चिन्हांकित है। ऐसे गांवों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। होलिका दहन के बाद से सुरक्षा शुरू हो जाएगी।