संदेशखाली में भाजपा के सात और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया

कोलकाता, 03 जून (हि.स.)। पुलिस ने मतदान के दिन हुई अशांति के सिलसिले में संदेशखाली में सात और भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। सोमवार को गिरफ्तार लोगों को बशीरहाट सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया है। बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र में शनिवार को आखिरी चरण में मतदान हुआ था। उस दिन भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हो गई थी। पांच लोगों को उसी दिन गिरफ्तार किया गया था और अब चुनाव नतीजों से एक दिन पहले सात और गिरफ्तारियां हुईं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मतदान के दिन दोपहर में बरमाजुर के भोलापारा में संदेशखाली पुलिस स्टेशन के एसआई सगीर गाजी पर हमले के मामले में बरमाजुर से सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान दिनेश बारिक, परितोष सरदार, चिरंजीत सरदार, कृष्णा सरदार, दिलीप सरदार, मिहिर हलदर और सायन बनर्जी के रूप में की गई है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 186, 189, 353, 333, 307, 379 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मतदान के दिन आरोप लगा था कि बरमादजुर के भोलापाड़ा में एक बूथ पर एक तरफ तृणमूल कार्यकर्ता-समर्थक जमा हुए थे। बूथ के दूसरे छोर पर भाजपा और आईएसएफ के कार्यकर्ता और समर्थक थे। तभी संदेशखाली थाने के एसआई के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर स्थिति को नियंत्रित किया। कथित तौर पर उस वक्त बीजेपी और आईएसएफ के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसमें एसआई घायल हो गये। वारदात के बाद इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई थी।