मालदा हिंसा मामले में पुलिस ने 25 लोगों को गिरफ्तार किया

D65ba1346f768faff2e9f37885208ced

कोलकाता, 19 जुलाई (हि.स.) मालदा के मानिकचक थाना क्षेत्र के एनायतपुर में बिजली कटौती के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हमले की घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। शुक्रवार को जिला पुलिस अधीक्षक प्रदीप यादव ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि घटना में शामिल 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को 26 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से पांच को स्थानीय स्रोतों, वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से सत्यापन के बाद रिहा कर दिया कुल 21 लोग हिरासत में रह गए थे।

इसी आधार पर, अन्य शामिल लोगों की एक सूची भी बनाई गई है और छापेमारी जारी है। रात भर की छापेमारी में चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी 25 व्यक्तियों को अदालत में पेश किया गया है।

उन्होंने बताया कि मानिकचक थाना क्षेत्र में आज आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। घटना में घायल सभी व्यक्ति की हालत स्थिर हैं और उनका इलाज चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि मालदा में गुरुवार को बिजली कटौती के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ो लोगों को हटाने पहुंची पुलिस की लोगों से झड़प हो गई थी। इस दौरान पुलिस ने भी फायरिंग की थी, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दावा है कि पुलिस के भी कई लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक प्रदीप यादव ने बताया है कि पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी।