मंदसौर: महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर पशुपतिनाथ प्रबंध समिति की बैठ हुई

मंदसौर, 7 मार्च (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में विशेष आयोजन होंगे। इसके लिए कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। मंदसौर के भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। वहीं शहर से लेकर गांव तक के शिवालयों में भी शिवभक्तों में उल्लास है।

विश्वप्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में तैयारियों हेतु गुरूवार को मंदिर प्रबंध समिति की एक विशेष बैठक भी हुई जिसमें विधायक विपिन जैन, नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, जिला पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, सहित कई अधिकारियों, कर्मचारियों ने निरीक्षण किया। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया।

श्री कृष्ण कामधेनु सामाजिक एवं धार्मिक लोक न्यास के तत्वावधान में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर 8 मार्च, शुक्रवार को भूतभावन भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में 51 क्विंटल फरियाली खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। संस्था द्वारा महाशिवरात्रि पर शुक्रवार को प्रातः 11 बजे राजभोग दर्शन के बाद भगवान पशुपतिनाथ को फरियाली खिचड़ी का नैवेद्य लगाया जाएगा तत्पश्चात् श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण होगा।

नीम चौक स्थित नगर के अत्यन्त प्राचीन एवं चमत्कारी शिवालय श्री जागेश्वर महादेव मंदिर में परम्परानुसार 8 मार्च को रात्रि 10 बजे से आमंत्रित संगीत कलाकारों द्वारा रात्रि पर्यन्त भारतीय शास्त्रीय तथा सुगम संगीत की मधुर स्वर लहरियों से भगवान जागेश्वर का महाभिषेक होगा।

प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी पुरानी सब्जी मंडी घंटाघर स्थित अति प्राचीन एवं चमत्कारी श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में 8 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जायेगा। इस हेतु ट्रस्ट द्वारा समस्त तैयारी पूर्ण की गई है। महाशिवरात्रि के लिए मंदिर को विद्युत साज-सज्जा एवं पुष्पों से सजाया गया है। भगवान भूतेश्वर महादेव के दर्शन हेतु पुरुष एवं महिलाओं की अलग-अलग कतार लगाने की व्यवस्था की गयी है।