मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने का मन बना चुकी है देश की जनता : पंकज सिंह

कानपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच अपनी सक्रियता एवं आत्मीयता बढ़ाएं। घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क व संवाद करें। देश की जनता पीएम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। कार्यकर्ता लोगों तक पहुंच कर पीएम मोदी की उपलब्धियां बताएं। यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंचे प्रदेश उपाध्यक्ष व कानपुर महानगर प्रभारी विधायक पंकज सिंह ने कही।

पंकज सिंह ने कहा कि विपक्षी पार्टियों में पतझड़ का दौर चल रहा है। विपक्षी पार्टियों के नेता और कार्यकर्ता पीपल के पत्ते की तरह अपने दलों को छोड़ कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। यह सब सबका साथ सबका विकास नीति पर चलने वाली मोदी सरकार के चलते हो रहा है। विपक्ष के पास राजनेताओं की ही कमी हो गई है। विपक्ष यह समझ चुका है कि उत्तर प्रदेश की सभी लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होने जा रही है। उत्तर प्रदेश की किसी भी लोकसभा सीट पर विपक्ष का चुनावी माहौल बयां कर रहा है कि किस कदर उनमें हताशा छाई हुई है।

पार्षदों संग बैठक

कानपुर लोकसभा सीट पर उम्मीदवार घोषित होने के बाद पार्षद एवं पूर्व पार्षदों व पार्षद प्रत्याशी रहे नेताओं के साथ पहली बैठक केंद्रीय कार्यालय में पंकज सिंह की अध्यक्षता में हुई। नगर निगम में अब भाजपा पार्षदों की संख्या 84 हो गई है। उन्होंने पार्षदों से कहा कि अपने-अपने वार्डों में बूथ स्तर पर पहुंचकर जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाएं। उन्होंने वार्ड स्तर पर प्रभावशाली 25 लोगों की टोली बना कर प्रत्येक व्यक्ति को दस दस मतदाताओं को मतदान केंद्र तक ले जाकर मतदान कराने की जिम्मेदारी देने को कहा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओ से स्वयं को प्रत्याशी मानकर गली-गली घर-घर जाकर जनता के बीच संपर्क व संवाद बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि बूथ संगठन की सबसे छोटी और मजबूत इकाई है। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में प्रबुद्ध वर्ग, महिला, युवा, एनजीओ, आंगनवाड़ी, पिछड़ा, अनुसूचित एवं अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के साथ बैठक कर लोगों को सक्रिय करने को कहा।

इसके अलावा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, महापौर, विधायक, पूर्व विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्षों के साथ अलग से बैठक कर अब तक हुई चुनाव संबंधी तैयारियों पर चर्चा की। वहीं प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने लोकसभा संचालन समिति एवं विधानसभा संचालन समिति के सभी विभागों की जिम्मेदारी वाले प्रमुखों से बूथ प्रबंधन, अतिथि प्रवास, मीडिया प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, न्यायिक प्रक्रिया, लाभार्थी संपर्क, सामाजिक संपर्क आदि सभी प्रमुखों से अब तक हुई तैयारी के बारे में जानकारी ली।

इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, महापौर प्रमिला पांडेय, पूर्व मंत्री प्रेमलता कटियार, लोकसभा प्रत्याशी रमेश अवस्थी, महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, सलिल बिश्नोई, अविनाश सिंह चौहान, रवींद्र पाटनी, जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, रामशरण कटियार, सुनील बजाज, डा. वीना आर्या पटेल, अनीता गुप्ता, राकेश सोनकर आदि मौजूद रहे।