पलवल: प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संस्कृति और संस्कार का संरक्षण किया है: नायब सैनी

पलवल, 17 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की संस्कृति और संस्कार का संरक्षण किया है। पिछली सरकारों के दौरान संस्कृति और संस्कार विलुप्त हो रहे थे। आज हमें अपनी संस्कृति पर गौरव महसूस हो रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में केदारनाथ, कांशी विश्वनाथ, सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार हुआ है। 140 करोड़ लोगों के लिए गर्व की बात है कि 500 सालों के बाद राम लला भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान हुए। वे बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी फरीदाबाद लोकसभा की पलवल विधानसभा में विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। यहां नायब सैनी ने राम नवमी पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी।

सीएम नायब सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों के हित में काम करने वाली सरकार है। मजबूती से देश के आगे बढ़ाने वाली सरकार है। सीएम नायब सैनी ने कहा कि देश की जनता इस बार नरेंद्र मोदी को 400 पार सीटें देने का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भी देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। सैनी ने कहा कि मोदी सरकार 10 वर्षों में गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सपने को साकार कर रही है। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए नायब सैनी ने कहा कि न्याय की बात कहने वाली कांग्रेस ने महिलाओं के साथ अन्याय किया है।

गरीब के चेहरे पर मुस्कान मोदी जी की नीतियों के कारण आई है: कृष्णपाल गुर्जर

भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ सबका विकास और अन्त्योदय के मूल मंत्र पर चल बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों के लिए काम किया है। मोदी जी को गरीब की चिंता है, आज गरीब के चेहरे पर मुस्कान मोदी जी की नीतियों के कारण आई है।

देश का सम्मान चाहते हो तो भाजपा को वोट दो: मूलचंद शर्मा

हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि अगर देश की जनता देश का सम्मान चाहती है तो उसे भाजपा को वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज्य में 20 साल में एक पुल बनता था और आज 1 साल में 20 पुल बनते हैं। उन्होंने कहा कि पलवल में कृष्ण पाल गुर्जर के नेतृत्व में काफी विकास हुआ है और अगर फिर भी कोई कमी रह गई है तो उसे जल्दी ही पूरा कर दिया जाएगा। भाजपा विधायक एवं विजय संकल्प रैली के आयोजक दीपक मंगला ने कहा कि भाजपा ने पलवल में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाया है।