पलवल: कांग्रेस के पास टिकट लेने वाला कोई नहीं:नायब सैनी

पलवल, 18 अप्रैल (हि.स.)। पलवल के गदपुरी टोल प्लाजा पर पृथला विधानसभा क्षेत्र की विजय संकल्प रैली में पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्थानीय नेताओं ने जोरदार स्वागत किया। पृथला विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद से भाजपा उम्मीदवार कृष्णपाल गुर्जर के समर्थन में जनसभा की। इस सभा में नायब सैनी के निशाने पर कांग्रेस रही।

नायब सिंह सैनी ने कहा कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि उनके पास टिकट लेने वाला कोई नहीं है। कोई चुनाव लड़ना ही नहीं चाहता। इसलिए कांग्रेस अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर पाई है। उन्होंने हरियाणा में 10 की 10 लोकसभा बड़े अंतर से जीतने का दावा भी किया। विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस राज की नाकामियां गिनवाते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी देश के साथ न्याय नहीं किया। कांग्रेस के नेता किस मुंह से भारत जोड़ो और न्याय की बात करते हैं। कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवाद का बोलबाला था जबकि भाजपा सरकार ने आतंकवाद को जड़ से खत्म करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न्याय करने वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हर वर्ग के साथ न्याय करते हुए देश को विकास की पटरी पर चढ़ाया है। मोदी ने किसानों के लिए जितना किया उतना किसी ने नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के साथ भी कांग्रेस ने अन्याय ही किया है। कांग्रेस किसानों की हितैषी कभी नहीं रही। मोदी सरकार ने 10 सालों में जितना किसानों के लिए किया हैख् उतना विपक्ष की किसी दूसरी सरकार ने नहीं किया।

भाजपा प्रत्याशी कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास और अन्त्योदय के मूल मंत्र पर चल कर बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों के लिए काम किया है। मोदी जी को गरीब की चिंता है। आज गरीब के चेहरे पर मुस्कान मोदी जी की नीतियों के कारण आई है। देश की जनता अच्छे से जानती है कि भाजपा और मोदी जी ही देश के गरीब, युवा, महिला और किसान का भला कर सकते हैं। इसलिए देश की जनता ने मोदी जी को को मत देने का पक्का मन बना लिया है।

कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि 2014 के पहले और बाद का भारत आप लोग देख रहे हैं। पहले भारत को विश्व में किस नजर से देखा जाता था और आज 2014 के बाद विश्व का भारत के प्रति नजरिया बदल गया है। मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। पृथला से निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत ने कहा पिछली सरकारों में किसानों की जमीन कम दामों में हड़प कर ली जाती थी, लेकिन आज पीएम मोदी की सरकार में किसानो की मर्जी के बिना 1 इंच भी जमीन ली नहीं ली। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सीमा त्रिखा, विधायक नरेंद्र गुप्ता, विधायक राजेश नगर, विधायक दीपक मंगला, जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, लोकसभा संयोजक अजय गौड़ सहित जिले के अन्य नेता मौजूद रहें।