पाली महोत्सव से मिलती है छत्तीसगढ़ की संस्कृति को अलग पहचान: लखनलाल

रायपुर, 08 मार्च (हि. स.)। महाशिवरात्रि पर्व सहित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित कोरबा जिले के ग्राम केराझरिया में शुक्रवार को दो दिवसीय पाली महोत्सव का शुभारंभ उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन,राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने द्वीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और महाशिवरात्रि की बधाई दी और कहा कि पाली का ऐतिहासिक शिव मंदिर छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पाली महोत्सव के माध्यम से यहाँ की संस्कृति को अलग पहचान मिल रही है।

महोत्सव में मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पाली महोत्सव का आयोजन इस क्षेत्र के लोगों के गौरव से जुड़ा है। इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के समय हुई थी। इसे भव्य रूप से मनाते हुए राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकारों को अवसर दिया जाता है।

इस दौरान राज्य सभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। भगवान महादेव हमारे देश में आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम सबकी कामना है कि महादेव हम सभी देशवासियों को खुश रखे,उन्हें सफलता की राह में आगे बढ़ाए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने पाली महोत्सव के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुफ्त उठाया।