वर्ल्ड कप से पाकिस्तान की शर्मनाक विदाई, एक भी मैच नहीं जीता, बारिश ने बचाई लाज

Post

टीम मर्दों की हो या महिलाओं की, वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कहानी नहीं बदलती- खराब प्रदर्शन और टूर्नामेंट से बाहर। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 से पाकिस्तानी टीम का सफर अब खत्म हो गया है, और वो भी बिना एक भी मैच जीते।

कप्तान फातिमा सना की अगुवाई वाली यह टीम एक जीत के लिए तरसती रह गई। वर्ल्ड कप में खेले गए कुल 7 लीग मैचों में से 4 में टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि 3 मैच बारिश की भेंट चढ़ गए। यही बारिश वाले मैच थे, जिनसे टीम के खाते में 3 अंक जुड़े, वरना पाकिस्तान का खाता खाली ही रहता।

ऐसा रहा पाकिस्तान का फ्लॉप शो

पाकिस्तान के लिए इस वर्ल्ड कप में कुछ भी सही नहीं रहा।

  • बांग्लादेश ने उन्हें 7 विकेट से हराया।
  • भारत ने 88 रनों से धो डाला।
  • ऑस्ट्रेलिया ने 107 रनों से रौंद दिया।
  • दक्षिण अफ्रीका ने 150 रनों के बड़े अंतर से मात दी।

टीम की हालत इतनी खराब रही कि इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले मैच बारिश के कारण रद्द न होते, तो शायद हार का आंकड़ा और भी बड़ा होता।

कप्तान ने हार का ठीकरा बल्लेबाजों पर फोड़ा

टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद, पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ने अपनी टीम के प्रदर्शन पर बात की। उन्होंने माना कि टीम की गेंदबाजी और फील्डिंग तो ठीक-ठाक रही, लेकिन खराब बल्लेबाजी ने टीम को डुबो दिया।

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यह उनके लिए एक सीखने वाला अनुभव था। साथ ही उन्होंने ICC पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर खराब मौसम को देखते हुए ज्यादा वेन्यू रखे जाते, तो मैच रद्द होने की नौबत कम आती।

भारत आने से किया था मना

आपको बता दें कि पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वर्ल्ड कप के लिए भारत आने से मना कर दिया था, जिस वजह से उनके सारे मैच श्रीलंका में कराने पड़े। अब जबकि भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है, तो बाकी के सभी बड़े मुकाबले (सेमीफाइनल और फाइनल) भारत में ही खेले जाएंगे।