वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन, पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

बदरीनाथ/जोशीमठ, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस पर अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग, नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क, ग्राम विकास विभाग एवं ग्राम पंचायत मांणा के संयुक्त तत्वाधान में बदरीनाथ धाम के पास धनतोली तोक में बुधवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश-दुनिया को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम से पूर्व जागरूकता समारोह का आयोजन किया गया, जिसे सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अथिति नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के डीएफओ बीवी मर्तोलिया ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से पर्यावरण के प्रति जागरूक रहा है। यहां गांव-गांव में हरेला त्योहार को पर्व के रूप मे मनाया जाता है, जिसे अब सरकारी स्तर पर भी वृहद रूप दिया गया है। उन्होंने इस दौरान पौधरोपण भी किया।

अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग एवं बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ सर्वेश कुमार दुबे ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के असर से अब उत्तराखंड भी अछूता नहीं रह गया है। ग्लेशियर पिघलते रहे तो आने वाली पीढ़ियों को भी खतरा उत्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण दिवस पर पेड़ लगाने के साथ-साथ उसे बचाने का भी संकल्प लेना होगा।

गांव माणा के प्रधान पीताम्बर सिंह मोलपा ने कहा कि देश के पहले गांव माणा में भी विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन बदरीनाथ-माणा क्षेत्र में नेपाली मजदूर ही प्रकृति का दोहन कर रहे हैं। उन्होंने नमामि गंगे प्रोजेक्ट में भी देश के पहले गांव माणा की उपेक्षा का आरोप लगाया।