हेमंत सोरेन को तीसरे बार रिमांड पर लेना विपक्ष की साजिश : सुप्रियो भट्टाचार्य

रांची, 12 फरवरी (हि. स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तीसरी बार रिमांड पर लिए जाने को विपक्ष की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि तीसरी बार रिमांड पर लेना आज तक ऐसा इतिहास में नहीं हुआ था। ईडी के जरिये लगातार तहखाना में रखकर जो पूछताछ हो रही है यह पूरी तरह विपक्षी साजिश है। भट्टाचार्य सोमवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने बिहार के राजनीति पर कहा कि 12 फरवरी इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। नीतीश कुमार ने 18 सालों में नौ बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है जो देश के लिए काफी दुर्भाग्य है। उन्होंने नीतीश पर हमला करते हुए कहा कि ऐसे राजनीति बेईमान यदि किसी गठजोड़ में रहेंगे वह गठजोड़ का सत्यानाश होगा। इसलिए नीतीश को महागठबंधन का संयोजक नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि जहां चुनाव है वहां का लाभ लेने के लिए वहां के व्यक्ति को भारत रत्न दिया जाता है।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर 16 फरवरी को समर्थन में तमाम विपक्षी पार्टियां भी हड़ताल पर रहेगी। साथ ही 15 फरवरी से पंचायत स्तर पर पार्टी के द्वारा प्रतिरोध सप्ताह मनाने का निर्णय लिया गया है। यह प्रतिरोध आगामी दिनों तक चलेगी। जबतक हमारे नेता के खिलाफ किया गया साजिश सामने ना आ जाये।