ऑपरेशन त्रिनेत्र एम्बैसडर प्रोग्राम का बढ़ा कुनबा, पुष्पा होंडा और लोहिया ग्रुप शामिल

कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। शहरवासियों में सुरक्षा का भाव हो और अपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में मदद के लिए कमिश्नरेट पुलिस शहर के करीब एक हजार चौराहों को सीसीटीवी से लैस करना चाहती है। इसके लिए शहरवासियों से सहयोग लिया जा रहा है और चौराहा गोद लेने वालों को त्रिनेत्र एम्बैसडर बनाया जा रहा है। एक चौराहा पर करीब सवा लाख रुपये का खर्च आता है जिसको एम्बैसडर वहन करता है। एम्बैसडर बनने की कड़ी में शुक्रवार को पुष्पा होंडा और लोहिया ग्रुप शामिल हो गई।

शहर के नागरिकों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त अखिल कुमार द्वारा शहर के सम्भ्रांत नागरिकों से ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान में जुड़कर महत्वपूर्ण चौराहों व तिराहों को गोद लेकर सीसीटीवी कैमरों के स्थापन में सहयोग करने की अपील की गई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पुष्पा होंडा और लोहिया ग्रुप की कम्पनी थ्रीड्स ने सामाजिक जिम्मेवारी के तहत अपने स्मार्ट शहर को अधिक सुरक्षित शहर बनाने के लिए अपने सहयोगी हाथ आगे बढ़ाएं हैं।

लोहिया ग्रुप की कम्पनी थ्रीड्स के एमडी अजय लोहिया और पुष्पा होंडा के एमडी विकास जायसवाल द्वारा पुलिस आयुक्त अखिल कुमार से शिष्टाचार भेंट की गई एवं अपनी-अपनी कम्पनी की तरफ से प्रथम चरण में 5-5चौराहों को गोद लेकर ऑपरेशन त्रिनेत्र के अन्तर्गत कैमरों के स्थापन हेतु गोद लिए हुए चौराहों की नामावली सूची के साथ सहमति पत्र प्रदान किया गया है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि ऑपरेशन त्रिनेत्र से शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।