राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य को गति देगा एक-एक वोट : महेंद्र भट्ट

देहरादून, 18 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विश्वास जताया कि जनता अपना वोट विपक्ष को देकर खराब नहीं बल्कि मोदी की 400 पार की माला में पांच कमल देवभूमि से अर्पित करने वाली है। सभी बूथों पर कार्यकर्ता मोदी प्रणाम के साथ प्रक्रिया में सहयोग करते हुए मोदी गारंटी पर मुहर लगाने की अपील करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने मीडिया से कहा कि भाजपा को मिला हर वोट एक मजबूत सरकार बनाने और 2047 तक भारत को विकसित बनाने के प्रयासों को गति देने वाला होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ समेत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ताओं ने जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। इस दौरान केंद्र की मोदी और राज्य की धामी सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता में उत्साह है। लोगों में मोदी को तीसरी बार रिकॉर्ड बहुमत के साथ चुनने को लेकर मन बनाया है। देवभूमि की जनता भी 400 पार की मोदी माला में पांच कमल 5-5 लाख के अंतर से गूंथने जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं को अहसास है कि यह चुनाव देश के वर्तमान एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का चुनाव है। पिछले दस सालों में समाज के हर वर्ग के जीवन में हुए सकारात्मक बदलाव को सभी लोगों ने अहसास किया है।

उन्होंने सभी सम्मानित मतदाताओं से अपील कि राष्ट्र निर्माण का यह मौका गंवाएं नहीं बल्कि अधिक से अधिक मतदान करें। सभी 11729 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता मोदी के प्रणाम के साथ मतदाताओं के सहयोग के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा।