जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में पदाधिकारी कर रहे भ्रष्टाचार: चंद्रशेखर

पलामू, 5 जुलाई (हि.स.)।चैनपुर व रामगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। बगैर रिश्वत के जनता का कोई भी काम नहीं हो रहा है। जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में पदाधिकारी-कर्मचारी नागरिकों को लूट रहे हैं। जनता झारखंड सरकार की इंडिया गठबंधन की गलत नीतियों का खामियाजा भुगत रही है। उक्त बातें आजसू के केंद्रीय समिति सदस्य चंद्रशेखर सिंह छोटू ने कही। वे शुक्रवार को चैनपुर व रामगढ़ प्रखंड सह अंचल कार्यालय पर पार्टी के हल्ला बोल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का संरक्षण पाकर पदाधिकारी व कर्मचारी बेलगाम हो गए हैं। इसका सीधा खामियाजा स्थानीय नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

महिला मोर्चा की पलामू जिला अध्यक्ष प्रमिला देवी ने कहा कि नागरिकों का संविधान प्रदत्त अधिकार नहीं मिल रहा है। गांव में आज भी महिलाएं मुफलसी की जिंदगी जीने को मजबूर हैं। सरकार केवल गरीबों की बात बोलती है, लेकिन केवल अमीरों, सरकार में बैठे मंत्रियों-विधायकों, पदाधिकारियों व कर्मचारियों के लिए काम कर रही है।

जिला उपाध्यक्ष विशाल मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत से लेकर मंत्री व विधायक को भी इस बात की जानकारी है कि नागरिकों का पदाधिकारी व कर्मचारी शोषण व दोहन कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि अपना फर्ज नहीं निभा रहे हैं। आजसू पार्टी नागरिकों के हक व अधिकार के लिए लड़ेगी। संगठन सचिव शिव शंकर प्रसाद ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्यपद्धति में सुधार लाएं। बिचौलियागिरी बर्दाश्त नहीं होगा।