October Vrat Tyohar 2025: छुट्टियों और त्योहारों से भरा रहेगा अक्टूबर का महीना, देखें दशहरा से दिवाली तक की पूरी लिस्ट
October Vrat Tyohar 2025: अंग्रेजी कैलेंडर का दसवां महीना, अक्टूबर, इस साल अपने साथ त्योहारों और उत्सवों की झड़ी लेकर आ रहा है। यह वह महीना है जब मौसम गुलाबी हो जाता है और हवा में त्योहारों की खुशबू घुल जाती है। नवरात्रि के समापन से लेकर दिवाली की जगमगाहट तक, पूरा महीना किसी उत्सव से कम नहीं होगा।
अगर आप भी अपनी छुट्टियों और खरीदारी की प्लानिंग करना चाहते हैं, तो यह लिस्ट आपके बहुत काम आएगी। महीने की शुरुआत ही महानवमी और दशहरा जैसे बड़े त्योहारों से हो रही है। आइए, देखते हैं अक्टूबर 2025 में कब-कब, कौन-कौन से बड़े व्रत और त्योहार पड़ रहे हैं।
अक्टूबर 2025: व्रत-त्योहारों का पूरा कैलेंडर
- 1 अक्टूबर (बुधवार) - महानवमी: शारदीय नवरात्रि का नौवां और अंतिम दिन, जब मां सिद्धिदात्री की पूजा और कन्या पूजन किया जाएगा।
- 2 अक्टूबर (गुरुवार) - दशहरा (विजयादशमी), गांधी जयंती: बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक, दशहरा इस साल गांधी जयंती के साथ मनाया जाएगा।
- 3 अक्टूबर (शुक्रवार) - पापांकुशा एकादशी: भगवान विष्णु को समर्पित यह एकादशी सभी पापों से मुक्ति दिलाने वाली मानी जाती है।
- 5 अक्टूबर (रविवार) - शरद पूर्णिमा, कोजागरी व्रत: इस दिन चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से परिपूर्ण होता है और रात में अमृत वर्षा की मान्यता है।
- 9 अक्टूबर (गुरुवार) - करवा चौथ, संकष्टी चतुर्थी: सुहागिन महिलाओं का सबसे बड़ा व्रत, जिसमें वे पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला उपवास रखती हैं।
- 13 अक्टूबर (सोमवार) - अहोई अष्टमी: महिलाएं अपनी संतान की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए यह व्रत रखती हैं।
- 17 अक्टूबर (शुक्रवार) - रमा एकादशी: दिवाली से पहले आने वाली यह एकादशी मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के लिए रखी जाती है।
- 18 अक्टूबर (शनिवार) - धनतेरस, प्रदोष व्रत: इस दिन से पांच दिवसीय दिवाली पर्व की शुरुआत हो जाती है। लोग बर्तन, सोना और चांदी जैसी चीजें खरीदते हैं।
- 19 अक्टूबर (रविवार) - नरक चतुर्दशी (छोटी दिवाली): इस दिन यम के नाम का दीपक जलाया जाता है और हनुमान जयंती भी मनाई जाती है।
- 20 अक्टूबर (सोमवार) - दिवाली (दीपावली), लक्ष्मी पूजन: रोशनी का सबसे बड़ा त्योहार, जब मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है।
- 21 अक्टूबर (मंगलवार) - गोवर्धन पूजा: इस दिन भगवान कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र का अहंकार तोड़ा था।
- 22 अक्टूबर (बुधवार) - भाई दूज: भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का यह त्योहार दिवाली पर्व का समापन करता है।
- 24 अक्टूबर (शुक्रवार) - छठ पूजा (नहाय-खाय): चार दिवसीय महापर्व छठ की शुरुआत इस दिन से होगी।