न्याय उलगुलान महारैली झारखंड में एक मील का पत्थर साबित होगा: कांग्रेस

रांची, 12 अप्रैल (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि रांची में 21 अप्रैल को आईएनडीआईए गठबंधन की ओर से आयोजित न्याय उलगुलान महारैली झारखंड में एक मील का पत्थर साबित होगा। केंद्र की भाजपा सरकार ने पूरे देश में अराजकता का माहौल पैदा करके रख दिया है। देश की जनता एक अघोषित इमरजेंसी के हालात से गुजर रही है।

उन्होंने शुक्रवार को कहा कि मोदी- शाह की जोड़ी ने पूरे विपक्ष के नेताओं पर केंद्रीय एजेंसी का दुरुपयोग करते हुए जिस प्रकार मुकदमों में फंसा कर जेल भेजने का कार्य किया है,उसे झारखंडी जनमानस नहीं भूल पा रहा है और केंद्र सरकार के इसी अन्याय के विरोध में उलगुलान का नया अध्याय न्याय उलगुलान महारैली के जरिये लिखा जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठे मुकदमे में केंद्र सरकार के जरिये फंसाए जाने को लेकर न सिर्फ झारखंड का आदिवासी समाज उद्धेलित है बल्कि अन्य सामाजिक वर्गों के लोग भी केंद्र की इस कार्रवाई के विरोध में खड़े हैं। आईएनडीआईए गठबंधन की ओर से झारखंड में रैली की घोषणा मात्र से ही जनता में जोश है और इस न्याय उलगुलान को जनता ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएगी।

उन्होंने कहा कि जनता इस रैली के माध्यम से पूरे देश के लिए संदेश देने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 10 वर्षों के शासनकाल में जिस प्रकार किसानो, युवाओं, महिलाओं को उनके हक से दूर रखकर उद्योगपतियों का साथ दिया गया। उससे भी जनता के बीच भारी रोष है।