पलवल: हरियाणा कांग्रेस में अब मचेगी भगदड़: अभय सिंह चौटाला

पलवल, 21 जून (हि.स.)। इनेलो प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए लोगों ने इंडिया गठबंधन को वोट कर जीताने का मन बना लिया था। विधानसभा चुनाव में लोग इनेलो को वोट करेंगे। यह बात उन्हाेंने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के बीच कही।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा लगातार भाजपा की मदद करने में लगे हुए थे, अगर हुड्डा इंडिया गठबंधन में इनेलो को लेकर हठधर्मी न करते तो भाजपा प्रदेश में एक भी सीट नहीं जीत पाती। हुड्डा पूर्व सीएम मनोहर लाल को जिताना चाहता थे, इसलिए उनके खिलाफ कमजोर उम्मीदवार को मैदान में उतार दिया।उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम चौधरी ओम प्रकाश चौटाला की एक सोच रही है कि अगर लोकसभा में ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रीय दल के उम्मीदवार जीत कर नहीं जाएंगे तो ये राष्ट्रीय पार्टियां अपनी मर्जी से फैसले लेकर आम लोगों के खिलाफ कानून बनाएंगे। राष्ट्रीय दल पूंजीपतियों के हितों के लिए कानून बनाते हैं, उनको आम आदमी से कोई सरोकार नहीं है।