अब भारत को गंभीरता से सुनती है दुनिया: ब्रजेश पाठक

उन्नाव, 22 अप्रैल (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत जो बोलता है पूरी दुनिया उसे गंभीरता से सुनती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आवाज एक करोड़ चालीस लाख लोगों के सम्मान की आवाज है। उत्तर प्रदेश में सपा सरकार में गुंडे मवाली अपने वाहनों में दर्जनों असलहे लेकर चलते थे। आज गुंडे माफिया जेल जाने से भी टेंशन में हैं।

ब्रजेश पाठक सिकंदरपुर कर्ण स्थित परिमल वाटिका में भाजपा लोकसभा चुनाव कार्यालय में विधायक आशुतोष शुक्ल की ओर से आयोजित बूथ अध्यक्ष व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर गरीबों के सपनों को साकार किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए और यूपीए के 10 वर्षों का लेखा-जोखा से आप मोदी सरकार की तुलना करेंगे तो आज भारत की धमक विदेशों तक है। यूपीए गठबंधन में केवल भ्रष्टाचार व घोटालों का ही बोलबाला रहा है। आज विपक्ष इंडी गठबंधन बनाकर देश में भ्रष्टाचार करने वालों का समूह बन गया है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी की विश्व व्यापी छवि और जनता का विश्वास एनडीए को 400 का आंकड़ा पार कराएगी। हर घर नल से पानी, हर घर सुलभ शौचालय से महिलाओं को इज्जत से जीने का हक मोदी सरकार में मिला। 10 वर्ष की सरकार में कोई दाग नहीं। देश की तस्वीर बदलना है तो जाति धर्म संप्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा के पक्ष में मतदान करना है।

कार्यक्रम को प्रत्याशी डॉक्टर सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, विधायक आशुतोष शुक्ला और भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश कटिहार ने भी संबोधित किया।