जेफरी एपस्टीन कांड में नया भूचाल! एक 'प्रधानमंत्री' पर लगा रेप और गला घोंटने का आरोप, प्रिंस एंड्रयू फिर फंसे
Jeffrey Epstein scandal explained : फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन से जुड़ा सेक्स स्कैंडल एक बार फिर दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रहा है। इस कांड की सबसे चर्चित सर्वाइवर, वर्जीनिया गिफ्रे, की मौत के बाद प्रकाशित हुई उनकी किताब ने अमेरिका से लेकर यूरोप तक के शक्तिशाली गलियारों में हड़कंप मचा दिया है।
'नोबडीज़ गर्ल: अ मेमॉयर ऑफ़ सर्वाइविंग एब्यूज़ एंड फाइटिंग फ़ॉर जस्टिस' (Nobody’s Girl: A Memoir of Surviving Abuse and Fighting for Justice) नाम की इस किताब में गिफ्रे ने उन खौफनाक यातनाओं का जिक्र किया है, जो उन्हें एपस्टीन के चंगुल में सहनी पड़ीं।
एक गुमनाम 'प्रधानमंत्री' पर लगा बेरहमी से रेप का आरोप
400 पन्नों की इस किताब का सबसे चौंकाने वाला दावा एक गुमनाम और 'जाने-माने प्रधानमंत्री' को लेकर है। गिफ्रे ने लिखा है कि इस प्रधानमंत्री ने न सिर्फ उनका बेरहमी से रेप किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की भी कोशिश की।
गिफ्रे ने उस खौफनाक रात का जिक्र किया है जब वह 18 साल की थीं और एपस्टीन के कैरेबियाई द्वीप पर थीं। उन्होंने लिखा कि इस नेता ने उनका गला तब तक दबाया जब तक वह बेहोश नहीं हो गईं। गिफ्रे लिखती हैं, "जब उन्होंने मुझे चोट पहुंचाई तो वह हंसे, और जब मैंने उनसे रुकने की भीख मांगी, तो वह और ज्यादा उत्तेजित हो गए।"
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने एपस्टीन से मिन्नतें कीं कि उसे दोबारा उस राजनेता के पास न भेजा जाए, तो एपस्टीन ने बड़ी बेरहमी से कहा, "आज नहीं तो कल, तुम्हें यह सब खत्म करना ही होगा।"
दिलचस्प बात यह है कि किताब के अमेरिकी एडिशन में उस शख्स को "प्रसिद्ध प्रधानमंत्री" कहा गया है, जबकि ब्रिटिश एडिशन में उसे "पूर्व मंत्री" बताया गया है। हालांकि, इस नेता की पहचान उजागर नहीं की गई है।
प्रिंस एंड्रयू का जिन्न फिर बोतल से बाहर
गिफ्रे की किताब ने ब्रिटिश शाही परिवार के प्रिंस एंड्रयू की मुश्किलें भी फिर से बढ़ा दी हैं। उन्होंने एक बार फिर दावा किया है कि प्रिंस ने उनका यौन शोषण किया था, जब वह नाबालिग थीं।
गिफ्रे ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह कोर्ट में प्रिंस के खिलाफ लड़ रही थीं, तो प्रिंस के कर्मचारियों ने इंटरनेट पर उन्हें बदनाम करने के लिए 'ट्रोल्स' की भर्ती की थी।
आपको बता दें कि प्रिंस एंड्रयू हमेशा इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और कहते हैं कि वह गिफ्रे से कभी मिले ही नहीं। लेकिन, इसके बावजूद उन्होंने 2022 में कोर्ट के बाहर लाखों डॉलर देकर यह मामला सुलझा लिया था। अब कुछ नए ईमेल भी सामने आए हैं, जो बताते हैं कि प्रिंस का एपस्टीन से रिश्ता उनके दावे से कहीं ज्यादा पुराना और गहरा था।
कौन था जेफरी एपस्टीन?
जेफरी एपस्टीन (1953-2019) अमेरिका का एक अमीर फाइनेंसर था, जिसके बिल क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रंप जैसी बड़ी हस्तियों से दोस्ती के चर्चे थे। लेकिन पर्दे के पीछे वह नाबालिग लड़कियों की तस्करी और यौन शोषण का एक घिनौना रैकेट चलाता था।
उसे 2008 में पहली बार दोषी ठहराया गया था। 2019 में उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया, लेकिन कोर्ट में सुनवाई से पहले ही उसने जेल में आत्महत्या कर ली। उसकी मौत को लेकर आज भी कई सवाल उठाए जाते हैं। बाद में उसकी बिजनेस पार्टनर, गिस्लेन मैक्सवेल को भी 2021 में यौन तस्करी का दोषी पाया गया।