NEET UG 2025: डॉक्टर बनने का सपना होगा पूरा? 1232 खाली सीटों के लिए मिला एक और मौका
अगर आप भी डॉक्टर बनने का सपना देख रहे हैं और अच्छी सीट का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए एक राहत की खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने NEET UG 2025 काउंसलिंग के स्ट्रे वैकेंसी राउंड में हिस्सा लेने वाले छात्रों को एक और मौका देने का फैसला किया है।
कई छात्र इस बात से परेशान थे कि चॉइस फिलिंग और लॉकिंग का समय खत्म हो रहा है। इसी को देखते हुए MCC ने आखिरी तारीख को आगे बढ़ा दिया है।
अब 13 नवंबर तक भर सकते हैं अपनी पसंद
अब सभी छात्र 13 नवंबर 2025 की रात 11:55 बजे तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स भर सकते हैं और उन्हें लॉक कर सकते हैं। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि ऑल इंडिया कोटे (AIQ) के तहत एमबीबीएस की 1232 सीटें अभी भी खाली रह गई हैं। छात्रों को ज्यादा मौका देने के लिए ही यह कदम उठाया गया है।
स्ट्रे वैकेंसी राउंड के इन नियमों को जानना जरूरी है
- सभी को करना होगा नया रजिस्ट्रेशन: MCC ने यह साफ कर दिया है कि अगर आप इस आखिरी राउंड में हिस्सा लेना चाहते हैं, तो आपको नया रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग करनी ही होगी, भले ही आपने पहले रजिस्ट्रेशन किया हो।
- NRI और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए: NRI कोटे के तहत आवेदन करने वाले छात्रों को 11 नवंबर तक अपने डॉक्यूमेंट्स ईमेल करने थे। वहीं, दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवार 12 नवंबर तक अपना सर्टिफिकेट बनवा सकते थे।
रिजल्ट आने में हो सकती है थोड़ी देरी
चूंकि चॉइस फिलिंग की तारीख आगे बढ़ गई है, तो जाहिर है कि सीट अलॉटमेंट के रिजल्ट में भी थोड़ी देरी होगी। पहले यह रिजल्ट 12 नवंबर को आना था, लेकिन अब MCC जल्द ही नई तारीख की घोषणा करेगा। इस बदलाव के कारण कई राज्यों ने भी अपनी काउंसलिंग का शेड्यूल बदल दिया है ताकि कोई कन्फ्यूजन न हो।
MCC ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और हर नई जानकारी के लिए सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in को ही नियमित रूप से चेक करते रहें।