बिहार में एनडीए सभी चालीस सीटों पर करेगा ऐतिहासिक जीत दर्ज : गोपालजी ठाकुर

सहरसा,03 फरवरी (हि.स.)। भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक शनिवार को पटुआहा स्थित कार्यालय परिसर में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में दरभंगा भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने पार्टी के मार्ग-दर्शन की जानकारी सभी को देते हुए संगठन की मजबूती की दिशा में काम करने को कार्यकर्ताओं को कहा।

ठाकुर ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।यह सम्मान हमें असंख्य कार्यकर्ताओं की मेहनत संघर्ष और समर्पण के कारण प्राप्त हुआ है। इसलिए कार्यकर्ता से बड़ा कोई पद भाजपा में नहीं होता।भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है।कार्यकर्ता समाज के घर घर जा उनके सुख और दुख में शामिल हों।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विराट नेतृत्व और संगठन की बदौलत आपके द्वारा सफलतापूर्वक किया गया कार्य 2024 में हमें ऐतिहासिक विजय दिलाएगा और बिहार में एनडीए चालीस में चालीस सीटों पर भी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। भाजपा की सरकार जनहितकारी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के हर वर्ग को ध्यान में रखकर लोक कल्याण के कार्य किए जा रहे है। देश के अंतिम कतार के व्यक्ति तक बिना किसी भेद भाव के लाभ पहुंचाया जा रहा है।

क्षेत्रीय प्रभारी सरोज झा ने कहा कि हर कार्यकर्ता को अब संगठन भाव से काम करना जरूरी है। हम सभी कार्यकर्ताओं को जो दायित्व मिले हैं उनका पूर्ण निष्ठा से हमें निर्वहन करना है।भारत दुनिया का नेतृत्व करने आगे बढ़ रहा है।हम सभी कार्यकर्ता मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ते हुए त्रिदेव कार्यकर्ता अपने बूथ और शक्ति केन्द्र को मजबूत करने की कार्ययोजना में जुट जाए।सह प्रभारी सत्येन्द्र राय ने संगठन विस्तार पर चर्चा करते हुए कहा की कार्यकर्ता का प्रवास प्रतिदिन होना चाहिए।