महाराष्ट्र में बारामती समेत 45 से अधिक सीटें जीतेगा एनडीए : फडणवीस

मुंबई, 11 मई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा नीत एनडीए 45 सीटें जीत रहा है। बारामती सीट भी एनडीए जीत रहा है।

फडणवीस भाजपा उम्मीदवार शरद मोहोल के प्रचार के लिए शनिवार सुबह पुणे पहुंचे। फडणवीस ने पत्रकारों से कहा कि राज्य में भाजपा नीत एनडीए के उम्मीदवारों को बढ़त मिल रही है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के प्रचार का असर महाराष्ट्र पर पड़ा है, साथ ही राज्य सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों की वजह से लोगों की पहली पसंद भाजपा उम्मीदवार हैं।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि उनकी पार्टी में जब लोग आना चाहते हैं, उनके गठबंधन में कुछ पार्टियां अगर जुड़ना चाहती हैं तो वे मना कैसे कर सकते हैं। फडणवीस ने कहा कि उन पर घर और पार्टी तोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है, जो गलत है। एकनाथ शिंदे शिवसेना में परेशान थे, इस वजह से उन्होंने शिवसेना से अलग होने का निर्णय लिया, जबकि अजीत पवार को पार्टी में महत्व नहीं मिल रहा था, इस वजह से वे पार्टी से अलग हुए। उनपर आरोप लगाने वाले पहले अपने गिरेबान में झांक लें।