भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार अजय मंडल ने कराया नामांकन

भागलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से मंगलवार को एनडीए उम्मीदवार अजय मंडल ने अपना नामांकन जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी के कार्यालय में दाखिल किया।

इसके पूर्व अजय मंडल एनडीए के समर्थकों के साथ गौशाला परिसर से पूजा अर्चना के बाद जुलूस निकालकर भागलपुर के समाहरणालय गेट पर पहुंचे। जिसमें भाजपा के जिला अध्यक्ष संतोष शाह, जनता दल यूनाइटेड के जिला मीडिया प्रभारी शिशुपाल भारती, जनता दल यूनाइटेड के सुड्डू साई, गोपालपुर के विधायक गोपाल मंडल सुल्तानगंज के विधायक डॉ ललित नारायण मंडल सहित सभी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे।

इस दौरान पूरा सड़क नरेंद्र मोदी जिंदाबाद, नीतीश कुमार जिंदाबाद, सम्राट चौधरी जिंदाबाद के नारों से गुजंता रहा। नामांकन के बाद अजय मंडल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जो बचा हुआ कार्य है उसे जल्द पूरा करूंगा। जीतने के बाद हमारी पहली प्राथमिकता भागलपुर में हवाई अड्डा का निर्माण होना है। नामांकन के बाद सैंडिस कंपाउंड मैदान में जनसभा आयोजित की गई। जनसभा में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, लोजपा रामविलास के अध्यक्ष चिराग पासवान, बिहार सरकार के कई मंत्री शामिल हुए।

सभा में वक्ताओं ने अजय मंडल को फिर से जिताने की अपील की है। विजय सिन्हा ने कहा कि इतिहास बदलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वह किया है। राष्ट्र को मान सम्मान के साथ आगे बढ़ाना है तो हमारे प्रत्याशी अजय मंडल को फिर से जिताएं और इस बार 400 पार के नारा को साकार करने हैं। कॉंग्रेस और राजद के लोग वंशवादी और भ्रष्टाचारी हैं। तुष्टिकरण की राजनीति करते है। मंच से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि हमलोगों ने कैबिनेट में कानून बनाया है। ये जो बालू माफिया हैं, शराब माफिया हैं इसे चुनाव के बाद बिहार से बाहर जाना पड़ेगा। जो गरीबों जमीन लुटता है। इन लोगों पर कार्रवाई होगी। नदी सुखाने वालों को नहीं छोड़ा जाएगा। वहीं लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि राष्ट्रहित के लिए जरूरी है मौजूदा प्रधानमंत्री को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएं। दुनिया के हर कोने में भारतीयों को सम्मान मिला है। दुनियां की पांचवीं अर्थव्यवस्था हमारी है। अगले पाँच सालों में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प है।