राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी चलाएगी जन समस्याओं को लेकर जागरूकता अभियान

देहरादून, 08 जुलाई(हि.स.)। देहरादून स्थित राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के मुख्यालय में सोमवार को प्रदेश के बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध, नशा, भू-कानून, मूलनिवास 1950 जैसे विभिन्न मुद्दों और निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में समस्याओं को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश संगठन सचिव सुलोचना ईष्टवाल ने की।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार के कई आश्वासनों के बावजूद अभी तक भू-कानून, मूल निवास और राज्य आंदोलनकारियों के मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसको लेकर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश संगठन सचिव सुलोचना ईष्टवाल ने कहा कि आगामी निकाय चुनाव में पार्टी इन्ही मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शैलबाला ममंगाई ने कहा कि यह राज्य महिलाओं के संघर्ष के बदौलत बना है और इन समस्याओं को दूर करने के लिए भी महिलाओं को ही आगे आना पड़ेगा।

वक्ताओं में उपेंद्र सकलानी, बलवीर सिंह नेगी, गुलाब सिंह रावत, मनोरमा चमोली, दयाराम मनोरी, सुशीला पटवाल तथा जगदंबा बिष्ट आदि ने अपने विचार रखे। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय डोभाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद डोभाल, विनोद कोठियाल, राजेंद्र गुसांई, शैलबाला ममंगाई, उपेंद्र सकलानी, आशीष उनियाल, जितेंद्र थपलियाल, सुशीला पटवाल, जगदंबा बिष्ट, शशि रावत, सावित्री रावत, मनोरमा चमोली, बलवीर नेगी, गुलाब सिंह रावत आदि शामिल थे।