फिल्मी अंदाज में 1.20 करोड़ की चोरी: सूटकेस में नोटों की जगह भरे गत्ते, ऐसे खुली कर्मचारी की करतूत

फिल्मी अंदाज में 1.20 करोड़ की चोरी: सूटकेस में नोटों की जगह भरे गत्ते, ऐसे खुली कर्मचारी की करतूत

साउथ मुंबई के पायधुनी इलाके से एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक कर्मचारी ने अपने मालिक के विश्वास का फायदा उठाकर फिल्मी स्टाइल में 1.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम उड़ा दी। आरोपी ने शातिर दिमाग का इस्तेमाल करते हुए रुपयों से भरे बैग को हूबहू दिखने वाले एक ऐसे बैग से बदल दिया, जिसमें नोटों की जगह गत्ते के टुकड़े भरे हुए थे।

गत्ते के टुकड़ों से रचा गया 'खेल'

पायधुनी में इमिटेशन ज्वेलरी का कारोबार करने वाले व्यवसायी विकास जैन ने अपने कर्मचारी पीरसिंह देवड़ा को हफ्ते भर का 1.20 करोड़ रुपये का कैश कलेक्शन दफ्तर लाने के लिए कहा था। पीरसिंह ने अपने छोटे भाई युवराज के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। उसने दफ्तर पहुंचकर रुपयों वाला बैग रखा, लेकिन असली कैश गायब कर वहां बिल्कुल वैसा ही दिखने वाला दूसरा ट्रॉली बैग छोड़ दिया, जिसमें गत्ते के टुकड़े भरे थे।

जब बिजनेसमैन ने खोला बैग, तो उड़े होश

सोमवार को जब व्यवसायी विकास जैन बैंक में कैश जमा करने के लिए दफ्तर पहुंचे और बैग खोला, तो उसमें नोटों के बंडल के बजाय गत्ते के टुकड़े देखकर उनके होश उड़ गए। दफ्तर से कर्मचारी पीरसिंह गायब था और उसका फोन भी स्विच ऑफ था। बिना देर किए व्यवसायी ने पायधुनी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बड़ी बरामदगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पायधुनी पुलिस ने फौरन टीमें गठित कीं। डीसीपी आर. रागासुधा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी के छोटे भाई युवराज देवड़ा (28) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई रकम में से 1.16 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड रिकवरी कर ली है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस मुख्य आरोपी पीरसिंह देवड़ा की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Latest Posts