अवैध संबंधों के लिए पति बना दरिंदा, पत्नी को मंदिर के बहाने ले जाकर पिलाया 'जहर का शरबत'; फिर रचा दुर्घटना का खौफनाक ड्रामा
कर्नाटक के बेलगावी जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक भयानक घटना सामने आई है। गोकाक तालुक के शिंडिकुराबेट गांव के रहने वाले संतोष पटायात नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी सक्कुबाई पटायात की बेरहमी से हत्या कर दी। पति का गुनाह सिर्फ इतना नहीं था कि उसने अपनी जीवनसंगिनी को मार डाला, बल्कि उसने एक विधवा महिला के साथ अपने अवैध संबंधों को जारी रखने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की मुस्तैदी ने आरोपी के उस नाटक का पर्दाफाश कर दिया, जिसे वह 'सड़क दुर्घटना' का नाम देने की कोशिश कर रहा था।
मंदिर के बहाने ले जाकर पिलाया 'जहर'
आरोपी संतोष अपनी पत्नी सक्कुबाई को बेलहोंगल तालुक के चामुंडेश्वरी मंदिर ले गया। मंदिर से लौटते वक्त उसने एक सोची-समझी साजिश रची। उसने कोल्ड ड्रिंक में चूहे मारने की दवा और कांच की चूड़ियों का पाउडर मिलाकर पत्नी को यह कहकर पिला दिया कि यह 'मंदिर का प्रसाद' है। जहर का असर होते ही जैसे ही सक्कुबाई बेहोश हुई, दरिंदे पति ने सड़क किनारे उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
दुर्घटना का रचा ड्रामा, पुलिस के शक ने खोला राज
हत्या को आत्महत्या या हादसा साबित करने के लिए आरोपी ने सक्कुबाई के शव पर अपनी मोटरसाइकिल गिरा दी, ताकि इसे सड़क दुर्घटना दिखाया जा सके। इतना ही नहीं, वह घंटों घटनास्थल पर ही खड़ा रहा और फिर खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। हालांकि, पुलिस की जांच टीम का अनुभव काम आया और शव की स्थिति देखकर उन्हें मामला दुर्घटना का नहीं, बल्कि हत्या का लगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जब गला घोंटने और जहर देने की पुष्टि हुई, तो सारा सच सामने आ गया।
चार साल से चल रहा था अवैध संबंध
पूछताछ के दौरान संतोष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसकी शादी सक्कुबाई से 9 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले 4 सालों से वह अपने ही गांव की एक विधवा महिला के साथ रिश्ते में था। वह उसी के साथ अपनी बाकी जिंदगी बिताना चाहता था, जिसके लिए उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने का यह खौफनाक फैसला लिया। फिलहाल संतोष को गिरफ्तार कर हिंडालगा जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में उस विधवा महिला की भी कोई सीधी भूमिका थी या नहीं।